आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में 15 उम्मीदवारों को जगह मिली है। पार्टी ने श्री चमकौर साहिब विधानसभा सीट से डॉ. चरणजीत सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी इसी सीट से विधायक हैं। अगर वह फिर से इसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ते हैं तो मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा। आम आदमी पार्टी अब तक कुल 88 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।
आम आदमी पार्टी की पांचवीं लिस्ट में कुल 15 प्रत्याशियों के नाम हैं। डेरा बाबा नानक सीट से गुरदीप सिंह रंधावा, राजा सांसी से बलदेव सिंह मिआदिआं, कपूरथला से मंजू राणा, शाहकोट से रतन सिंह काकड़कलां, जालंधर पश्चिमी से शीतल अंगराल, आदमपुर से जीतलाल भट्टी, श्री चमकौर साहब से डॉक्टर चरणजीत सिंह, एसएएस नगर (मोहाली) से कुलवंत सिंह, बस्सी पठना से रुपिंदर सिंह हैप्पी, लुधियाना दक्षिणी से रजिंदर पाल कौर छीना, फिरोजपुर शहरी से रणवीर सिंह भुल्लर, बठिंडा शहरी से जगरूप सिंह गिल, अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जन माजरा, नाभा से गुरदेव सिंह देव और बंगा से कुलजीत सिंह को टिकट दिया है।
गौरतलब है कि, सोमवार को सामने आए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव नतीजे आम आदमी पार्टी को एक बूस्टर डोज की तरह दिख रही है। हालांकि, आम आदमी पार्टी भले ही सबसे ज्यादा 14 पार्षद सीटें जीतने में कामयाब रही है, लेकिन सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत ने कांग्रेस पार्टी ने हासिल किए हैं।
इस तरह से चंडीगढ़ निगम चुनाव के नतीजे कांग्रेस से ज्यादा बीजेपी के लिए सियासी तौर पर झटका है, क्योंकि चंडीगढ़ निगम पर बीजेपी का ही कब्जा ज्यादातर रहा है। अब तक पंजाब के शहरी वोटों पर उसकी पकड़ मानी जाती थी। इन नतीजों में चंडीगढ़ की शहरी मतदाताओं पर आम आदमी पार्टी की पकड़ देखने को मिली।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को 29.79 फीसद वोट मिले, बीजेपी को 29.30 फीसद वहीं, तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी को 27.08 फीसद वोट मिले हैं। निर्दलीय उम्मीदवार को 7.10 फीसद और अन्य को 6.26 फीसद वोट मिले हैं। इससे पहले 2016 के निगम चुनाव में कांग्रेस के 4 पार्षद जीते थे, लेकिन इस बार उसकी संख्या 8 सीट पर पहुंच गई है। इस तरह से कांग्रेस के वोट शेयर के साथ-साथ पार्षदों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]