दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बुलडोजर चलाए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर करारा हमला बोला है। AAP नेता ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास और भाजपा मुख्यालय को बुलडोजर से गिरा देने से देश हमेशा के लिए सांप्रदायिक हिंसा और दंगों से मुक्त हो जाएगा।
आप विधायक अतिशी ने भी ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा मुख्यालय और गृह मंत्री अमित शाह के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए, इसके बाद देश में कहीं दंगे नहीं होंगे। यही नहीं पार्टी ने कहा था कि राम नवमी के दिन देश में जहां-जहां भी दंगे हुए उसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। अतिशी ने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक हिंसा और दंगे भड़काने के एकमात्र मकसद से, भाजपा ने पिछले आठ वर्षों के दौरान रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को देश के विभिन्न हिस्सों में ‘अवैध रूप से’ बसाया है।
AAP विधायक ने आरोप लगया कि भाजपा नेताओं और दिल्ली में भाजपा शासित नगर निकायों के अधिकारियों ने रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों को पिछले 15 वर्षों में राष्ट्रीय राजधानी में ‘अवैध तरीके से’ बसाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर लिस्ट दे दे तो हमें पहले ही पता चल जाएगा कि देश में कहां-कहां दंगे होने वाले हैं। पार्टी ने मांग की कि इन नेताओं और अधिकारियों के घरों को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया जाना चाहिए।
आप नेता आतिशी ने वीडियो संदेश में कहा, ‘भाजपा कह रही है कि बुलडोजर चलाने और अतिक्रमण हटाने से हिंसा, दंगे और गुंडागर्दी रुक जाएगी। लेकिन वास्तव में, भाजपा ही दिल्ली सहित पूरे देश में गुंडागर्दी, हिंसा और दंगों को बढावा दे रही है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि हनुमान जयंती और रामनवमी के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा की सभी घटनाओं के पीछे शाह और भाजपा का हाथ है। कालकाजी क्षेत्र से विधायक ने कहा, ‘भाजपा मुख्यालय और अमित शाह के आवास पर बुलडोजर चलाए जाने चाहिए। इसके बाद इस देश में दंगे नहीं होंगे।
जिस दिन Amit Shah के घर Bulldozer चल जाएगा, इस देश में दंगे बंद हो जाएंगे।
BJP ने दंगे करवाने के लिए देशभर में बांग्लादेशियों और रोहिंग्या को बसाया है।
BJP List दे, किसे कहाँ बसाया है? इससे पता चल जाएगा- अगले दंगे भाजपा कहाँ करवाने जा रही है।
–@AtishiAAP #BulldozeBJPHQ pic.twitter.com/zxs3Das1gJ
— AAP (@AamAadmiParty) April 20, 2022
आप विधायक अमानुतुल्ला खान ने भी जहांगीर पुरी में हुई बुलडोजर की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ एक समुदाय के लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया। उन्होंने कहा कि रमजान के महीने में लोगों को परेशान करने के लिए अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों के घर गिराए गए। उन्होंने ये भी कहा कि इससे मामला शांत नहीं होगा बल्कि और भड़केगा।
आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले आठ वर्षों में रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों को देश के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से बसाया। राज्य सरकारें ऐसा नहीं कर सकती हैं क्योंकि केवल केंद्र ही उन्हें देश के अंदर ला सकता है।’
अगर देश में गुंडई और लफंगई बंद करनी है तो BJP के Headquarter पर Bulldozer चला दो!
– Dy. CM @msisodia #BulldozeBJPHQ pic.twitter.com/d06CZoXBS1
— AAP (@AamAadmiParty) April 20, 2022
गौरतलब है कि, बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जहांगीर पुरी में बुलडोजर की कार्रवाई रोक दी गई थी। हालांकि, कोर्ट का ऑर्डर आने तक करीब एक घंटे में बुलडोजर ने कई घरों को रौंद डाला था। बता दें कि, शनिवार को जहांगीर पुरी में हनुमान जयंती के बाद हुई हिंसा की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। अब सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई कर रही है।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]