बॉलीवुड डायरेक्टर राजकुमार हिरानी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ‘संजू’ फिल्म के दौरान हिरानी के साथ काम कर रही थी। वहीं, दूसरी ओर हिरानी ने इस आरोप से इंकार किया है। उनके वकील आनंद देसाई ने आरोप को ‘गलत, नुकसान पहुंचाने वाला, अपमानजनक, प्रेरित और मानहानिकारकट’ बताया है। इसी बीच, ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पीके’ और ‘थ्री इडियट्स’ में राजकुमार हिरानी के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री अमरदीप झा से इस बारे में बात की गई। उन्होंने कहा कि हिरानी पर लगे ऐसे आरोपों पर यकीन करना नामुमकिन है।
बॉलीवुड लाइफ से बात करते हुए जानी-मानी अदाकारा अमरदीप झा ने कहा कि, ‘मैं यह खबर पढ़कर चौंक गई हूं। मैं अभी भी भरोसा नहीं कर पा रही हूं कि मैंने ऐसा कुछ पढ़ा है। मैं राजकुमार हिरानी की बहुत इज्जत करती हूं। जब वो सेट पर आते थे तो सब में पॉजिटिव एनर्जी भर देते थे। उन्होंने सेट पर कभी भी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। राजकुमार हिरानी जिस तरह के इंसान हैं, मैं सोच भी नहीं सकती हूं कि कोई उन पर ऐसा आरोप लगा सकता है।’
अमरदीप ने आगे बताया कि, ‘मैं लड़की के ऊपर किसी प्रकार का जजमेंट पास नहीं करना चाहती हूं, हालांकि मैं यह भरोसे के साथ कह सकती हूं कि राजकुमार हिरानी ऐसा नहीं कर सकते हैं। राजकुमार हिरानी ने कभी भी सेट पर गंदे जोक्स या अभद्र भाषा का उपयोग नहीं किया है।’ बता दें कि अमरदीप ने ‘3 ईडियट्स’ में शरमन जोशी की मां का किरदार निभाया था।
अमरदीप झा ने उम्मीद जताई कि अगर महिला के साथ गलत हुआ है तो उसे इंसाफ मिले। झा के अनुसार, ‘मैं आरोप लगाने वाली लड़की को नहीं जानती हूं लेकिन मैं उम्मीद करती हूं कि अगर उसके साथ कुछ गलत हुआ है तो उसे इंसाफ जरूर मिलेगा।’
हफपोस्ट इंडिया में छपे एक आलेख में महिला ने खुद को ‘सहायिका’ बताया है और आरोप लगाया है कि मार्च से सितंबर 2018 के बीच एक बार से ज्यादा राजकुमार हिरानी ने उसका यौन उत्पीड़न किया। महिला ने तीन नवंबर, 2018 को हिरानी के लंबे समय के सहयोगी और ‘संजू’ के कॉ-प्रोड्यूसर विधु विनोद चोपड़ा को एक मेल लिखकर इस आरोप के बारे में बताया था। महिला का कहना है कि नौ अप्रैल, 2018 को निर्देशक ने पहले उस पर यौनिक टिप्पणी की और बाद में अपने घर के कार्यालय में उसका यौन उत्पीड़न किया।
हफपोस्ट इंडिया में महिला ने नौ अप्रैल को चोपड़ा को भेजे गए मेल के बारे में लिखा है। उसमें कहा गया है, ‘‘ मुझे याद है कि उस दिन मैंने कहा था, ‘सर, यह गलत है। आप के पास सारी शक्तियां है और मैं यहां सिर्फ एक सहायिका हूं।’ महिला ने कहा कि हिरानी उनके लिए पिता जैसे थे। इस ईमेल में चोपड़ा की पत्नी और फिल्म आलोचक अनुपमा, पटकथा लेखक अभिजीत जोशी, फिल्मनिर्माता शैली चोपड़ा का भी नाम है।
फिल्म आलोचक अनुपमा चोपड़ा ने इसकी पुष्टि की है कि महिला ने अपनी स्थिति उनके साथ साझा की थी और विनोद चोपड़ा फिल्म्स (वीसीएफ) ने तब से यौन उत्पीड़न की शिकायतों को निपटने के लिए एक समिति गठित की है। उन्होंने पांच दिसंबर, 2018 को भेजे गए एक ईमेल में कहा, ‘‘हमने वीसीएफ में आईसीसी बनाने की भी पेशकश की। लेकिन वीसीएफ का आईसीसी इस मामले को नहीं उठा सकता है क्योंकि महिला घटना के समय राजकुमार हिरानी फिल्म्स की कर्मचारी थी।’
फिल्म आलोचक ने कहा कि महिला ने उन्हें कहा था कि उसे इन चीजों को आगे ले जाने के बारे में सोचने का समय चाहिए। इस घटनाक्रम के बीच हिरानी का नाम ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ के नए पोस्टर से हटा लिया गया है। इस फिल्म का निर्देशन शैली चोपड़ा ने किया है। विधु विनोद चोपड़ा ने हालांकि अभी इस पर टिप्पणी नहीं की है।