कानपुर एनकाउंटर केस: गैंगस्टर विकास दुबे के साथी गुड्डन त्रिवेदी और सुशील महाराष्ट्र में गिरफ्तार

0

उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपियों में से एक अरविंद उर्फ गुड्डन त्रिवेदी भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे के इस गुर्गे और उसके ड्राइवर को महाराष्ट्र के ठाणे में आतंकवाद रोधी दस्ते ने धर दबोचा है। एटीएस की जुहू (मुंबई) यूनिट ने यह गिरफ्तारी की।

विकास दुबे

एक अधिकारी ने बताया, एटीएस इंस्पेक्टर दया नायक को शनिवार को खुफिया जानकारी मिली कि ये दोनों मुंबई या ठाणे में छिपने के लिए जगह तलाश रहे हैं। तब इन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। जानकारी के अनुसार, गुड्डन (46) और उसका ड्राइवर सुशील कुमार उर्फ सोनू सुरेश तिवारी (30) जाल में फंसकर ठाणे के व्यस्त कोलशेट रोड पर एक स्थान पर पहुंच गए। तभी वहां उनका इंतजार कर रही एटीएस की जुहू टीम ने उन्हें दबोच लिया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गुड्डन त्रिवेदी, विकास दुबे के साथ कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है, जिसमें 2001 में उत्तर प्रदेश के मंत्री संतोष शुक्ला की हत्या का मामला भी शामिल है। इस मामले के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने इनाम की घोषणा भी की थी।

गौरतलब है कि, बिकरू गांव में विकास दुबे और उसकी टीम ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर आठ पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी। गुड्डन और तिवारी कानपुर के बिकरू गांव में हुई तीन जुलाई की घटना के बाद से फरार थे।बाद में विकास दुबे मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रसिद्ध महाकाल मंदिर से पकड़ा गया था। पुलिस तीन जुलाई के बाद से ही उसके पूरे गिरोह की तलाश में जुटी थी।

पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर विकास दुबे शुक्रवार सुबह उस समय मुठभेड़ में मारा गया जब उज्जैन से उसे लेकर कानपुर आ रही पुलिस की एक गाड़ी भऊती इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसने मौके से भाग जाने की कोशिश की। कानपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने बताया कि दुर्घटना में नवाबगंज थाने के एक निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। दुबे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

विकास दुबे के एनकाउंटर के 24 घंटे बाद उसके साथी गुड्डन और ड्राइवर को मुंबई एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, जल्द ही यहां औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इन दोनों को उत्तर प्रदेश ले जाने की संभावना है। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleसुशांत सिंह राजपूत ने ऐसे सीखा था महेंद्र सिंह धोनी का हेलीकॉप्टर शॉट, पुराना वीडियो वायरल
Next article“Asatyagrahi”: Rahul Gandhi attacks PM Modi for ‘Asia’s Largest Solar Project’ claim with one-word response; Congress supporters say ‘My PM is a liar’