दिल्ली विधानसभा में पहुंचेंगे 16 नए चेहरे, सभी AAP विधायक

0

दिल्ली की नई विधानसभा में 16 ऐसे चेहरे दिखेंगे जो पहली बार निर्वाचित होकर सदन पहुंचेगे। ये सभी नए चेहरे आम आदमी पार्टी के टिकट पर जीते हैं जिनमें आतिशि, राघव चड्ढा और दिलीप पांडेय शामिल हैं।

दिल्ली

कालकाजी सीट से मैदान में उतरीं आतिशि ने भाजपा के धर्मबीर सिंह को 11,393 वोटों के अंतर से हराया है। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली सीट से भाजपा के गौतम गंभीर से हार गई थीं। वहीं, राजिन्दर नगर सीट से जीतने वाले चड्ढा ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरदार आर. पी. सिंह को 20,058 वोटों से हराया है। वह भी दक्षिणी दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव में मैदान में थे लेकिन भाजपा के रमेश बिधुड़ी से हार गए थे।

वहीं, 2019 में उत्तरी-पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव हार चुके पांडेय ने तिमारपुर सीट से 24 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस छोड़कर विधानसभा चुनावों से पहले आप में आई राजकुमारी ढिल्लों ने भाजपा के तेजिन्दर पाल सिंह बग्गा को हरीनगर सीट से 20 हजार से ज्यादा मतों से हराया है। त्रिनगर सीट से आप की प्रीति तोमर ने भाजपा के तिलक राम गुप्ता को 10,700 से अधिक वोटों से हराया है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारी गई नौ में से आठ महिलाओं ने विजय हासिल कर पार्टी को शानदार जीत में मदद पहुंचाई। तीन प्रमुख दलों- आप, भाजपा और कांग्रेस ने कुल 24 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे थे।

बता दें कि, मंगलवार को आए दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को जबरदस्त जीत हासिल हुई है। दिल्ली की 70 सीटों में से उसने 62 पर अपना कब्जा जमाया है। जबकि पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भाजपा को महज 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस एक बार फिर शून्य पर आउट हो गई। कांग्रेस के 63 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। आप को कुल पड़े वोटों का 53.6 प्रतिशत शेयर मिला जबकि भाजपा को 38.5 फीसदी मत पड़े। कांग्रेस के हिस्से में महज 4.26 प्रतिशत वोट शेयर रहा। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleदिल्ली: AAP की 9 में से 8 महिलाओं ने दिल्ली विधानसभा चुनाव जीता
Next articleदिल्ली: अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को रामलीला मैदान में लेंगे सीएम पद की शपथ