मुंबई सहित आसपास के इलाकों में मंगलवार देर रात से ही लगातार तेज बारिश हो रही है, भारी बारिश ने सड़क और रेल यातायात को प्रभावित किया है। भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर चुका है। भारी बारिश के चलते मुंबई के सांताक्रूज ईस्ट में दर्दनाक हादसा हो गया।
लगातार हो रही बारिश के बीच यहां आज सुबह त्रिमूर्ति चॉल में तीन कमरे अचानक ढह गए और चॉल के पास खुले नाले में एक महिला और दो लड़कियां गिरकर बह गईं। उनके कमरे के पीछे से यह नाला बना हुआ था। घटनास्थल पर राहतकार्य जारी है। वहीं एक अन्य लड़की को रेस्क्यू कर लिया गया है जिसे वीएन देसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सांताक्रूज ईस्ट के त्रिमूर्ति चॉल में अचानक कमरे ढहने से अफरा-तफरी मच गई। वहीं चॉल के पीछे बने नाले में 1 महिला और 2 लड़कियां गिर गईं जिनका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। घटनास्थल पर राहत टीम मौजूद है।
#Mumbai: 1 female, 2 girls missing after they fell in an open drain, located at the backside of their room. 3 rooms of Trimurti Chawl in Santacruz East, collapsed today morning. Search operation underway. Another girl rescued by police and shifted to V N Desai hospital pic.twitter.com/T7SvACrgxV
— ANI (@ANI) August 4, 2020
मुंबई में हाई टाइड के साथ भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। इनकी ऊंचाई 4.51 मीटर तक बताई जा रही है।भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर चुका है। लोअर परेल, दादर, हिंदमाता, किंग्स सर्किल, सायन, चेंबुर, अंधेरी, सांताक्रूज और कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मुंबई बीएमसी ने शहर में आज और बुधवार रेड अलर्ट जारी करते हुए मुंबईकरों को घर पर ही रुकने की हिदायत दी है। बीएमसी ने मुंबई के सभी प्राइवेट ऑफिस को निवेदन किया है कि आज भारी बरसात, बड़ी हाई टाइड के चलते रेड अलर्ट है तो अपने दफ्तर बंद रखे जाएं।