हरियाणा में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में टिकरी बॉर्डर के पास गुरुवार सुबह भीषण हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार एक ट्रक ने 6 महिला किसान प्रदर्शनकारियों को कुचल दिया। इससे तीन बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई। दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला ने अस्पताल जाकर दम तोड़ा। वहीं, तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौ के पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला किसान प्रदर्शनकारी बहादुरगढ़ स्थित झज्जर रोड पर डिवाइडर पर बैठी थीं। इस दौरान बेकाबू ट्रक आया और महिला आंदोलनकारियों को रौंद डाला। भयानक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया गया है कि हादसे में तीन महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि जिन महिलाओं को ट्रक ने कुचला वे किसान आंदोलन में शामिल थीं और सभी पंजाब के मानसा जिले की रहने वाली थीं। घटनास्थल पर किसानों का जमावड़ा लग रहा है। किसान रोटेशन के तहत आंदोलनकारी महिला किसान घर वापस जा रही थीं। उन्हें ऑटो में बैठकर रेलवे स्टेशन तक जाना था।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। तेज रफ्तार ट्रक में मिट्टी भरी थी। पुलिस की ओर से बताया गया है कि, जान गंवाने वाली महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि, आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि अभी गिरफ्तार नहीं किया गया।
बता दें कि, दिल्ली के बॉर्डर पर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों के किसान केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर करीब 11 महीने से धरने पर बैठे हुए हैं।