उत्तर प्रदेश: BJP के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का लंबी बीमारी के बाद निधन, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत पार्टी के कई नेताओं ने जताया शोक

0

उत्तर प्रदेश की संतकबीरनगर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजाप) के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का बुधवार की रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 50 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि लम्‍बे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की सूचना से राजनीतिक गलियारों और उनके समर्थकों में शोक की लहर है। शरद त्रिपाठी के निधन पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत भाजपा के कई नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

शरद त्रिपाठी

भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी मूलरूप से गोरखपुर के रहने वाले थे। उनका पैतृक निवास खजनी तहसील क्षेत्र में पड़ता है। शहर क्षेत्र के धर्मशाला इलाके में परिवार के साथ रहते थे। लंबे समय से बीमार चल रहे थे। तबीयत खराब होने के बाद पूर्व सांसद को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। शरद त्रिपाठी के पिता रमापति राम त्रिपाठी देवरिया से भाजपा सांसद हैं।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शरद त्रिपाठी के निधन पर दुख जताते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “मैं निशब्द हूँ। ऐसा लगता अभी बोल उठेगा शरद ‘चल दीदी क्षेत्र में कार्यक्रम करना है’। चला गया, प्रभु की यही इच्छा थी। ईश्वर शरद त्रिपाठी जी की आत्मा को शांति दें, अपने श्री चरणों में स्थान दें।”

यूपी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, “संतकबीरनगर से पूर्व सांसद व भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री शरद त्रिपाठी जी के निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे व परिजनों को यह दुःख सहने का संबल प्रदान करे। ॐ शान्ति।”

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीट में लिखा, “मेरे मित्र पूर्व सांसद श्री शरद त्रिपाठी जी के दुखद निधन के समाचार से निःशब्द हूँ प्रदेश ने भविष्य के बहुत बड़े नेता को खो दिया है !! ।।विनम्र श्रद्धांजलि ।। भगवान आपको चरणों में स्थान दें परिजनों समर्थकों को दुख सहने की शक्ति दें ॐ शांति।”

Previous articleअलग रह रही पत्नी का पीछा करने और डराने के आरोप में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर का बेटा गिरफ्तार
Next article“गरीब प्रोड्यूसर की कंगना रनौत”: तापसी पन्नू के कमेंट पर भाजपा समर्थक अभिनेत्री का पलटवार; बताया ‘बी ग्रेड एक्टर’