उत्तर प्रदेश: सीएम बनाए जाने की अटकलों को मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया घटिया शरारत, ट्वीट कर साफ की स्थिति

0

उत्तर प्रदेश में सियासी उठापटक के बीच अफवाहों का जोर भी तेजी से बढ़ने लगा है। इस बीच, सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ को हटाकर कद्दावर मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों उड़ने लगी, जिसके बाद खुद सुरेश खन्ना ने ट्वीट कर खारिज कर दिया है। सुरेश कुमार खन्ना ने इसे अफवाह करार देते हुए घटिया शरारत बताया।

सुरेश कुमार खन्ना
फाइल फोटो

गौरतलब है कि, पिछले कुछ दिनों से लखनऊ में सियासी माहौल गर्माया हुआ है। ख़बरों के मुताबिक, प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ ही योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद से हटाकर केंद्रीय राजनीति में भेजे जाने की चर्चाएं तेज हो रहीं थीं।

इस बीच, सुरेश खन्ना एक जून को प्रदेशभर में शुरू किए गए वृहद टीकाकरण कार्यक्रम के निरीक्षण के बाद दिल्ली गए थे। वहां वह नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी और श्रम मंत्री संतोष गंगवार से मिले। सुरेश खन्ना यूपी से राज्यसभा सांसद हरदीप पुरी के प्रस्तावक रहे हैं।

इसी बीच यूपी में केंद्रीय संगठन महांमत्री बीएल संतोष आए हुए थे, खन्ना उनसे मिलने के बाद ही दिल्ली गए थे। जब खन्ना दिल्ली से लौटे तो अफवाह उड़ने लगी कि वह भाजपा और संघ के बड़े नेताओं से मिलकर लौटे हैं।

जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेता और वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा स्वास्थ्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मुख्यमंत्री पद के दावेदारी की अटकलें लगाई जाने लगीं। यह तक कहा जाने लगा कि दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से सुरेश कुमार खन्ना की मुलाकात हो चुकी है। उनके नाम की घोषणा जल्द हो जाएगी।

शाहजहांपुर के आरटीआई कार्यकर्ता अयूब अली ने जब ट्वीट कर उनके अगला मुख्यमंत्री बनाने की बात लिखी तो खन्ना ने ट्वीट कर सफाई दे डाली। हालांकि, सुरेश खन्ना के ट्वीट के बाद अयूब अली ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “मेरा नाम लेकर जो प्रचार किया जा रहा है, यह बहुत घटिया शरारत है, इसको तत्काल बंद किया जाए।”

शाहजहांपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि भाजपा देश की सबसे अनुशासित पार्टी है। कुछ समर्थक अति उत्साह में तो विरोधी राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी हरकत कर देते हैं। देश में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की भाजपा सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है।

Previous article“We have tied the knot”: Bollywood actor Yami Gautam announces wedding with Uri director Aditya Dhar in surprise Instagram post
Next articleट्विटर ने भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के निजी ट्विटर हैंडल से ब्लू टिक हटाया