भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को राज्य में राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया। ऊपरी सदन के लिए सुशील मोदी का चुना जाना लगभग तय है क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का राज्य विधानसभा में बहुमत है।

राजद के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी गठबंधन द्वारा चुनाव लड़ने की स्थिति में इस सीट के लिए 14 दिसम्बर को चुनाव होगा। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक और केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। लोजपा के बिहार राजग से बाहर आकर अपने बलबूते बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के फैसले के साथ ही भाजपा ने इस सीट पर फिर से अपना दावा करने का निर्णय लिया था जो उसने अपने कोटे से पासवान को दी थी।
गौरतलब है कि, भाजपा नेतृत्व ने बिहार में अपने प्रमुख नेताओं में से एक मोदी को राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाए नहीं रखने का फैसला किया था। इसके बजाय दो अन्य नेताओं तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया। इस फैसले को राज्य में नए नेतृत्व को मौका देने के पार्टी के प्रयास के रूप में लिया जा रहा है। सुशील मोदी को अब केंद्र की राजनीति में मौका दिया जा रहा है। (इंपुट: भाषा के साथ)


















