अंग्रेजी समाचार चैनल ‘रिपब्लिक टीवी’ के विवादास्पद एंकर और संस्थापक अर्नब गोस्वामी ने अपने कार्यक्रम ‘पूछता है भारत’ में लाइव टीवी डिबेट के दौरान एक बार फिर से बॉलिवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान पर व्यक्तिगत हमला किया। अर्नब गोस्वामी ने दबंग अभिनेता को 60 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक बताकर सलमान खान पर कई निजी हमले किए। रिपब्लिक भारत के इस कार्यक्रम में बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी अर्शी खान भी शामिल थी।
भाजपा प्रवक्ता श्वेता शिवसेना के एक समर्थक विक्रम सिंह के साथ इस शो पर बहस कर रही थीं। इसी दौरान अर्शी खान ने यह स्पष्ट करने के लिए हस्तक्षेप करने का फैसला किया कि सलमान खान दुबई में नहीं थे। उन्होंने भाजपा की प्रवक्ता से कहा, ”जनता मूर्ख नहीं हैं। आप अफवाह फैला रहे हैं कि सलमान खान दुबई में हैं। सलमान को दुबई जाने के लिए किसने स्पॉट किया? आपको यह जानकारी कहां से मिली कि सलमान खान दुबई में हैं? इस बात का कोई पूफ्र है आप लोगों के पास की सलमान दुबई में हैं?”
इस बीच, गोस्वामी ने बिग बॉस के पूर्व प्रतियोगी पर चिल्लाते हुए कहा, “ओ अर्शी… अर्शी। हम यहां एक गंभीर मुद्दे पर बहस कर रहे हैं। यहां बेकार में ऐसी बातें मत करिए। कौन है ये सलमान खान? जब मैं कॉमेडी पर चर्चा करुंगा तब आप सलमान खान के बारे में बात कर सकते हैं। कौन है सलमान? कहां का सलमान? उनकी अगली फिल्म रिलीज़ होने के बाद सभी को उनकी कीमत का पता चल जाएगा … वह भारत के नाम पर एक फिल्म बनाते हैं, लेकिन दिशा (सलियन की मृत्यु) पर कुछ नहीं कहते हैं।”
गोस्वामी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि, क्या सुशांत (सिंह राजपूत की मौत) पर सलमान ने कुछ कहा? सलमान का महत्व केवल इसी तक सीमित है। वह इस बिंदु से परे महत्वपूर्ण नहीं है। और इस 60 वर्षीय व्यक्ति की मेरे कार्यक्रम पर चर्चा न करें। उसको सीनियर सिटीजन (वरिष्ठ नागरिक) वाला रोल दें।” सलमान के खिलाफ गोस्वामी के ‘वरिष्ठ नागरिक’ की उम्र उनकी उम्र के संदर्भ में थी। बता दें कि, बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता 54 साल के है।