उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट विधानसभा के भाजपा विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाकर प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। महिला ने आरोप लगया है कि विधायक ने दो साल तक उसके साथ रेप किया।
महिला ने यहां नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में दी अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि विधायक ने वर्ष 2016 से उसके साथ नैनीताल, दिल्ली, मसूरी तथा देहरादून आदि अलग-अलग स्थानों पर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। महिला ने दावा किया कि विधायक से उसकी एक बच्ची भी है और उसका डीएनए टेस्ट कर सत्यता का पता लगाया जा सकता है। महिला ने कहा है कि वह अपनी मां की बीमारी के इलाज के सिलसिले में विधायक से मिली थी।
इससे पहले, विधायक की पत्नी रीता नेगी ने भी महिला पर अपने पति को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए नेहरू कॉलोनी पुलिस थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया है। रीता ने आरोप लगाया है कि महिला उनके पति को बदनाम कर रही है। विधायक की पत्नी ने अपनी शिकायत में कहा है कि महिला और उसका परिवार उनके पति को ब्लैकमेल कर पांच करोड रू मांग रहा है।
शिकायत करने वाली महिला ने विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उसने विधायक के खिलाफ आवाज उठाई तो विधायक की पत्नी ने उसे 5 लाख रुपये देकर मुंह बंद कराने की कोशिश की। ऐसा नहीं करने पर उस पर झूठे मुकदमे दर्ज करवा दिए। अब उसकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और उसकी बेटी और विधायक की डीएनए जांच करवाई जानी चाहिए।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था, अशोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच शुरू कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाने वाली महिला की बच्ची का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है और कहा है कि इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
सिंह ने कहा, ‘यह विषय बहुत गंभीर है कि एक विधायक पर एक महिला शारीरिक शोषण का आरोप लगा रही है और इस दरम्यान एक बच्ची का भी जन्म हुआ है। बच्ची का डीएनए टेस्ट कराया जाना चाहिए जिससे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।’ (इंपुट: भाषा के साथ)