सुशांत सिंह राजपूत की सुसाइड के बाद सोनू निगम का फूटा गुस्सा, बोले- म्यूजिक इंडस्ट्री से भी आ सकती है आत्महत्या की खबर

0

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन ने बॉलीवुड को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है, कई दबी हुई सच्चाइयां लोगों के सामने लाई जा रही हैं। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद चल रही तरह तरह की अटकलों के बीच अब मशहूर गायक सोनू निगम ने म्यूजिक इंडस्ट्री को लेकर कई चौंकानेवाले खुलासे किए हैं। उन्होंने कहा है कि बॉलीवुड की ही तरह म्यूजिक इंडस्ट्री में भी लोगों पर दबाव बनाकर उन्हें परेशान किया जाता है।

सुशांत सिंह राजपूत

इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने कहा कि, मैंने बहुत दिन से ब्लॉग नहीं किया क्योंकि वास्तव में मेरा मूड नहीं था। पूरा भारत कई प्रेशर से गुजर रहा है, एक तो मेंटल और ईमोश्नल प्रेशर.. सुशांत सिंह राजपूत के जाने के बाद, जो लाजिमी भी है क्योंकि अपनी आंखों के सामने एक जवान जिंदगी को जाते हुए देखना आसान बात नहीं है। कोई बहुत ही निष्ठुर होगा कि वह इस बात से प्रभावित न हो।

वह आगे कहते हैं, मैं इस वीडियो से हमारी म्यूजिक कंपनीज को एक रिक्वेट करना चाहता हूं क्योंकि आज सुशांत सिंह राजपूत मरा है, एक एक्टर मरा है, कल आप किसी सिंगर के बारे में भी सुन सकते हैं, या किसी कम्पोजर के बारे में सुन सकते हैं या किसी गीतकार के बारे में सुन सकते हैं क्योंकि ये जो माहौल है म्यूजिक इंडस्ट्री का हमारे देश में, दुर्भाग्य से वह फिल्मों से बड़ा माफिया है।

अपनी बात को जारी रखते हुए सोनू निगम आगे कहते हैं, मैं थोड़ा लकी था क्योंकि मैं बहुत कम उम्र में आ गया था इसलिए मैं इस चंगुल से निकल गया, लेकिन ये जो नए बच्चे आए हैं उनके लिए बहुत मुश्किल है। परेशान हैं वो क्योंकि प्रोड्यूसर काम करना चाहता है, डायरेक्टर काम करना चाहता है, म्यूजिक कम्पोजर काम करना चाहता है, पर म्यूजिक कंपनी बोलेगी ये हमारा आर्टिस्ट नहीं है। मैं समझ सकता हूं कि आप लोग बहुत बड़े हैं और आप लोग कंट्रोल करते हैं म्यूजिक को, लेकिन ऐसा मत कीजिए। दुआ-बददुआ बहुत बड़ी चीज होती है। यह ठीक नहीं है। ये जो दो लोगों के हाथों में ताकत है न, दो लोग हैं बस म्यूजिक इंडस्ट्री में, उनकी दो कंपनी है। उनके हाथों में ताकत है कि इसको गवाओ, इसको मत गवाओ।

उन्होंने यह भी कहा कि, एक ही गाने को नौ-नौ लोगों से गवाते हो, ये क्या चल रहा है। इंसानों के प्रति थोड़ा दयावान बनिए। सोनू निगम ने आगे कहा कि जब मेरे साथ ये ऐसा कर सकते हैं तो नए बच्चों के साथ क्या करते होंगे। नए लोगों को परेशान मत कीजिए। इन्हें आपकी जरूरत है, और लोग सुसाइड न करें, इसलिए थोड़ा सा आप लोग नर्म दिल के हो जाइए।कहा जा रहा है कि सोनू निगम ने अपने इस वीडियो के जरिए बिना नाम लिए सलमान खान पर निशाना साधा है। सोनू निगम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

View this post on Instagram

You might soon hear about Suicides in the Music Industry.

A post shared by Sonu Nigam (@sonunigamofficial) on

गौरतलब है कि, सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में रविवार (14 मई) की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी थी। सुशांत सिंह राजपूत का सोमवार को मुंबई के व‍िले पार्ले स्‍थित श्‍‍मशान घाट पर परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। उनकी मौत की खबर सुनकर हर कोई हैरान है, किसी को अंदाजा नहीं था कि फिल्म जगत का एक ऐसा कलाकार जिसने इतने थोड़े से वक्त में इतना मुकाम हासिल किया है वो कुछ ऐसा कदम उठा सकता है। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleआतंकवादियों के साथ पकड़े गए जम्मू कश्मीर के निलंबित DSP दविंदर सिंह को कोर्ट ने दी जमानत, चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई दिल्ली पुलिस
Next articleदिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस से मुकाबला करने के लिए एनजीओ, स्वयंसेवियों से मांगी मदद