महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: कांग्रेस से खफा हुए संजय निरुपम, पार्टी छोड़ने की दी धमकी

0

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में दरार बढ़ती नजर आ रही है। पार्टी के पूर्व प्रमुख संजय निरुपम ने अपने द्वारा सुझाए गए नाम को खारिज किए जाने के बाद गुरुवार को घोषणा की कि वह कांग्रेस के प्रचार अभियान में शामिल नहीं होंगे। पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व उनसे जिस तरह का व्यवहार कर रहा है, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब वह पार्टी को अलविदा कह देंगे।

संजय निरुपम
फाइल फोटो: संजय निरुपम

संजय निरुपम ने गुरुवार (3 अक्टूबर) को पार्टी के किसी नेता का नाम लिए बिना टि्वटर पर कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है पार्टी मेरी सेवाएं अब और नहीं चाहती। मैंने विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई में सिर्फ एक नाम सुझाया था। सुना है कि इसे भी खारिज कर दिया गया है। जैसा कि मैं पार्टी नेतृत्व को पूर्व में बता चुका था, ऐसी स्थिति में मैं चुनाव प्रचार में भाग नहीं लूंगा। यह मेरा अंतिम फैसला है।’’

उनके बाद एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि पार्टी को छोड़ने का दिन अभी नहीं आया है। मगर नेतृत्व ने जिस ढंग से मेरे साथ व्यवहार किया है, वह दिन बहुत दूर नजर नहीं आता।”

उन्होंने उस व्यक्ति के नाम का भी उल्लेख नहीं किया जिसे वह उम्मीदवार बनवाना चाहते थे। पार्टी नेताओं के एक तबके की शिकायत के बाद निरुपम को इस साल लोकसभा चुनाव से पहले मार्च में मुंबई कांग्रेस प्रमुख के पद से हटा दिया गया था। उनके खिलाफ शिकायत की गई थी कि वह ‘‘एकतरफा ढंग’’ से काम करते हैं।

निरुपम की जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिन्द देवड़ा को मुंबई कांग्रेस का प्रमुख बनाया गया था। हालांकि, देवड़ा ने आम चुनाव में पार्टी की हार के बाद पिछले महीने पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी लोकसभा चुनाव में मुंबई की छह सीटों में से एक पर भी चुनाव नहीं जीत पाई थी। वर्तमान में मुंबई कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़ हैं।

Previous articleJanhvi Kapoor faces stiff competition from cousin Shanaya Kapoor as belly dancing video goes viral
Next articleAfter Virender Sehwag, now Sourav Ganguly lashes out at Pakistani PM Imran Khan for UN speech slamming RSS