बिहार में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रिश्तों में लगातार खटास बढ़ती जा रहीं है। इसी बीच, अब भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक केंद्रीय मंत्री और पार्टी के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के बाद रविवार को पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय पहुंचने के बाद गिरिराज सिंह के हजारों समर्थकों ने ‘ऐसा ही हो हमारा सीएम’ और ‘अगला मुख्यमंत्री कैसा हो, गिरिराज सिंह जैसा हो’ के नारे लगाए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने बेगूसराय में कहा, “पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें (सिंह) बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चाहते हैं।”
इसे वर्तमान मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के लिए अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले एक चेतावनी के तौर पर देखा जा सकता है।
बता दें कि, हाल ही में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रमुख व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को इफ्तार पार्टी का आयोजन करने को लेकर निशाने पर लिया था। बता दें कि, नीतीश कुमार का जद (यू) और पासवान की लोजपा, भाजपा के सहयोगी दल हैं।