बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने पार्टी के सहयोगी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान पर इफ्तार पार्टी को लेकर निशाना साधा है। इतना ही नहीं गिरिराज सिंह ने अपने ट्वीट में अपनी ही पार्टी के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को भी लपेटे में लिया है। बता दें कि गिरिराज सिंह मुस्लिम समुदाय के खिलाफ विवादित ट्वीट और विवादास्पद बयानबाजी के लिए मशहूर हैं।
चार तस्वीर ट्वीट कर केंद्रीय मंत्री ने इफ्तार पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं से कहा कि नवरात्रि पर फलहार का आयोजन करते तो और सुंदर-सुंदर तस्वीर आती। गिरिराज सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर तस्वीरों के साथ एक ट्वीट किया, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा नेता सुशील मोदी, जीतनराम मांझी, रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान एक साथ इफ्तार पार्टी में दिखाई दे रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, ”कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फोटो आते? अपने कर्म-धर्म में हम पिछड़ क्यों जाते हैं और दिखावा में आगे रहते है?” बता दें कि भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने बिहार की राजग गठबंधन में शामिल होने वाले प्रमुख राजनैतिक पार्टियों के नेताओं पर हमला बोला है। इसमें उनकी ही पार्टी के नेता सुशील मोदी भी शामिल हैं।
कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फ़ोटो आते??…अपने कर्म धर्म मे हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावा में आगे रहते है??? pic.twitter.com/dy7s1UgBgy
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) June 4, 2019
गिरिराज सिंह के जवाब में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। जदयू नेता अशोक चौधरी ने कहा कि हमें नहीं पता कि उनके दिमाग में क्या है, लेकिन उनकी जुबान सिर्फ कट्टर हिंदुत्व के लिए है। इसके साथ ही चौधरी ने कहा कि गिरिराज को नीतीश कुमार के लिए ऐसे शब्द बोलने से खुद को रोकना चाहिए। यह गठबंधन की सरकार है और गठबंधन के सभी नेताओं ने उन्हें उनकी सीट (बेगूसराय) 4 लाख वोटों से जिताने में मदद की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को लेकर वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। ये ठीक बात नहीं है।