मोदी सरकार में मंत्रियों के विभागों का हुआ बंटवारा, अमित शाह बने गृहमंत्री तो राजनाथ सिंह को मिला रक्षा मंत्रालय

0

मोदी सरकार में मंत्री मंडल में विभागों का बंटवारा शुक्रवार को हो गया है। पिछले मंत्रिमंडल की तुलना में इस बार काफी बदलाव हुआ है। पिछली सरकार में गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह को इस बार रक्षा मंत्री बनाया गया है जबकि पहली बार केंद्र सरकार में शामिल हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देश का नया गृह मंत्री बनाया गया है।

अमित शाह
REUTERS/File Photo

वहीं, पिछली सरकार में रक्षा मंत्री रही निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्री बनाया गया है जबकि पूर्व विदेश सचिव एस. जयशंकर को देश का नया विदेश मंत्री बनाया गया है। नितिन गडकरी को एक बार फिर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। प्रकाश जावडेकर को सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साथ ही पर्यावरण मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।

रविशंकर प्रसाद को कानून मंत्री बनाया गया है। रामविलास पासवान को खाद्य मंत्री बनाया गया है। हरसिमरत कौर बादल को फूड प्रोसेसिंग मंत्री बनाया गया है। थावरचंद गहलोत को सामाजिक न्याय मंत्री बनाया गया है। रमेश पोखरियाल निशंक को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री बनाया गया है। अर्जुन मुंडा को जनजाति विभाग का मंत्री बनाया गया है।

डॉ. हर्षवर्धन को हेल्थ मिनिस्टर की जिम्मेदारी दी गई है। प्रकाश जावड़ेकर को पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीयूष गोयल को रेल मंत्री बनाया गया है। धर्मेंद्र प्रधान को पेट्रोलियम मंत्री बनाया गया है। मुख्तार अब्बास नकवी को अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री बनाया गया है। प्रहलाद जोशी को संसदीय कार्यमंत्री बनाया गया है। महेंद्र नाथ पांडेय को स्किल डिवेलपमेंट मंत्री बनाया गया है।

नरेंद्र सिंह तोमर को कृषि मंत्री के साथ साथ ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं पंचायती राज की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। गजेंद्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्री बनाया गया है। डी वी सदानंद गौड़ा को रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनाया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी में हराने वाली स्मृति ईरानी को महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय और कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। 2014 में उन्हें मानव संसाधन विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी हालांकि बाद में उन्हें कपड़ा मंत्रालय और सूचना प्रसारण मंत्रालय की कमान भी मिली थी।

गौरतलब है कि नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी । उनके साथ 24 कैबिनेट मंत्रियों, नौ ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 24 अन्य ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी।

 

Previous articleAmit Shah new Home Minister, Rajnath Singh Defence Minister, Nirmala Sitharaman replaces Arun Jaitley
Next articleबीजेपी का ऑफर हमें मंजूर नहीं, मोदी सरकार में शामिल नहीं होने पर बोले सीएम नीतीश कुमार