दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी(आप) ने सोमवार(27 अगस्त) को ऐलान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली की सात सीटों में से आतिशी मार्लेना पूर्वी दिल्ली सीट पर उसकी उम्मीदवार होंगी। बता दें कि मार्लेना दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार रह चुकी हैं।
file photoसमाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, वह पहली उम्मीदवार हैं जिनके नाम का ऐलान आप ने 2019 में होने वाले संसदीय चुनाव के लिए किया है। आतिशी मार्लेना ने जुलाई 2015 से 17 अप्रैल 2018 तक सलाहकार की भूमिका निभाई। आतिशी मार्लेना का नाम दिल्ली के सरकारी स्कूलों की स्थिति और शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के मामले में लिया जाता है। 2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी घोषणापत्र तैयार करने वालों में वह भी शामिल थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, आतिशी मार्लेना लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास विकास मार्ग पर स्थित पार्टी के नए उद्घाटित दफ्तर से वह अपने कामकाज का संचालन करेंगी। इस मौके पर आतिशी ने कहा, इस रोड का नाम विकास मार्ग रख देने से क्या लोगों को स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल मिल गए?
वास्तविक विकास के लिए आम आदमी पार्टी को मजबूत करना होगा और दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीट पर पार्टी को विजयी बनाना होगा। माना जा रहा है कि जल्द ही आम आदमी पार्टी बाकी 6 सीटों पर भी अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करेगी।
वहीं, सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों ने अपील की कि विकास के लिए आम आदमी पार्टी के हाथ मज़बूत कीजिए। केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, “दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी के हाथ मज़बूत कीजिए। आम आदमी पार्टी मज़बूत होगी तो आप मज़बूत होंगे।”
दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी के हाथ मज़बूत कीजिए। आम आदमी पार्टी मज़बूत होगी तो आप मज़बूत होंगे। pic.twitter.com/74W1dfHxam
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 27, 2018
गौरतलब है कि अगले साल देश में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और इसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अभी से ही अपनी कमर कसने लग गई है। बता दें कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की सातों सीटें जीती थीं और कांग्रेस व आप खाता तक नहीं खोल सकी थीं।