बॉलीवुड की पहली ‘फीमेल सुपरस्टार’ और दिग्गज दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी बुधवार (28 फरवरी) को पंचतत्व में विलीन हो गईं। करोड़ों सिने प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाली श्रीदेवी के अचानक निधन से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा बॉलीवुड सदमे में हैं। श्रीदेवी के निधन के बाद हर मुश्किल घड़ी में अर्जुन कपूर परिवार के साथ नजर आए। श्रीदेवी के निधन के बाद अब पहली बार अर्जुन कपूर ने इस मामले में बयान दिया है। अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर, इस समय के बारे में कहा है।
FILE PHOTOश्रीदेवी के सौतेले बेटे अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि, ‘आप बहादुर हैं क्योंकि जिंदगी आपको हार मानने के कई मौके देती है, लेकिन फिर भी आप इनसे लड़ते हैं और उबरते हैं, खुद को संभालते हैं और आगे बढ़ते हैं।’
अर्जुन के इस पोस्ट से लग रहा है कि श्रीदेवी के निधन से वह सदमे में हैं और इस वक्त अपने पिता व अपनी सौतेली बहनों के साथ खड़े हैं। बता दें कि, अर्जुन कपूर बोनी कपूर और उनकी पहली पत्नी मोना कपूर के बेटे हैं, साल 2012 में मोना कपूर की मौत हो गई थी।
बता दें कि, श्रीदेवी के निधन के बाद बोनी कपूर पूरी तरह से टूट गए थे और दुबई में श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लेकर कई तरह की प्रक्रियाएं चल रही थीं। उस समय अर्जुन कपूर ने अपने पिता के साथ खड़े होने का फैसला लिया और वे दुबई गए। वे दुबई से लेकर श्रीदेवी के अंतिम संस्कार तक हमेशा अपने परिवार के सात रहें।
बता दें कि, कल ही दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की सौतेली बेटी अंशुला कपूर ने उन लोगों को आड़े हाथ लिया है, जिन्होंने जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर की सोशल मीडिया पर आलोचना की थी।
बता दें कि, हिंदी फिल्मों की पहली सुपरस्टार अभिनेत्री कही जाने वाली 54 वर्षीय अदाकारा की 24 फरवरी को दुबई स्थित एक होटल के बाथरूम में मौत हो गई थी। डिनर से पहले बाथरूम गईं श्रीदेवी चक्कर आने के बाद बेहोश होकर पानी भरे बाथटब में गिर गईं। देर तक डूबे रहने से उनकी सांस थम गई।
हालांकि, उनके मौत के तुरंत बाद कार्डिएक अरेस्ट की वजह से निधन की बात सामने आई थी। दुबई के अभियोजक कार्यालय ने अभिनेत्री का पार्थिव शरीर 72 घंटे बाद उनके शोकाकुल परिवार को सौंप दिया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को मंगलवार को दुबई से मुंबई लाया गया।
गौरतलब है कि, बोनी कपूर की पहली शादी मोना कपूर से हुई थी और इनके दो बच्चे हुए अर्जुन और अंशुला कपूर है। साल 1996 में बोनी ने मोना से तलाक लेकर इसी साल श्रीदेवी से शादी रचाई थी। हालांकि, मोना कपूर ने अर्जुन और अंशुला को कभी अपने पिता से दूर नहीं रखा, साल 2012 में मोना कपूर का निधन हो गया।