दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग में गोली चलाने वाले शख्स को बताया AAP का कार्यकर्ता, परिवार ने किया इनकार

0

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार की रात को कहा कि पिछले सप्ताह दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल पर गोलियां चलाने वाला कपिल बैसला आम आदमी पार्टी (आप) का सदस्य है, जिसके बाद भाजपा और आप में वाकयुद्ध छिड़ गया। भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर देश की सुरक्षा के साथ खेलने का आरोप लगाया जबकि आप ने उस पर पलटवार करते हुए कहा कि भगवा पार्टी गंदी राजनीति कर रही है।

शाहीन बाग

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) राजेश देव ने कहा कि वह (बैसला) और उसके पिता 2019 के प्रारंभ में आप में शामिल हुए थे। कपिल बैसला के चाचा फतेह सिंह ने पीटीआई (भाषा) से कहा, ‘‘मुझे पता नहीं कि कहां से ये फोटो आ रहे हैं। मेरे भतीजे कपिल का किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं है और न ही मेरे परिवार के किसी भी सदस्य का। मेरे भाई गजे सिंह (कपिल के पिता) ने 2008 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और वह हार गये थे। उसके बाद हमारे परिवार में किसी का भी किसी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध ही नहीं रहा।’’

सिंह ने कहा कि कपिल का आप या किसी भी अन्य राजनीतिक दल से जुड़ा कोई दोस्त नहीं है। पुलिस ने कहा कि गजे सिंह ने बसपा के टिकट पर 2012 का नगर निकाय चुनाव भी लड़ा था। उसने कहा कि बैसला का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने व्हाट्सअप डाटा हासिल कर लिया है। शनिवार को बैसला ने शाहीन बाग में हवा में दो गोलियां चलाई थी।

आरोपी कपिल तस्वीर में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और कालका जी से उम्मीदवार आतिशी के साथ दिख रहा है। यह उस वक्त की तस्वीर है जब 2019 में उसने आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ली थी। इन तस्वीरों में वह कई अन्य लोगों के साथ आप की सदस्यता ले रहा है।

आम आदमी पार्टी (आप) पर प्रहार करते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने केजरीवाल पर देश की सुरक्षा के साथ खेलने का आरोप लगाया और कहा कि लोग आप को मुंहतोड़ जवाब देंगे। नड्डा ने कहा, ‘‘मैं केजरीवाल को स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि यह देश किसी भी चुनाव, किसी भी सरकार से बड़ा है और यह देश उन लोगों को माफ नहीं करेगा जो उसकी सुरक्षा के साथ खेलते हैं। दिल्ली के लोग मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’

वरिष्ठ आप नेता संजय सिंह ने सवाल किया कि दिल्ली पुलिस किसके निर्देश पर उनकी पार्टी पर आरोप लगा रही है। उन्होंने पूछा, ‘‘पुलिस खुलासा करती (कि बैसला आप सदस्य है) उससे पहले ही दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को कैसे उसकी जानकारी मिली गयी।’’ सिंह ने पुलिस पर आप की छवि खराब करने का आरोप लगाया।

बता दें कि, कपिल गुर्जर ने बीते एक फरवरी को शाहीन बाग पहुंचकर प्रदर्शन स्थल के पास अचानक पिस्टल निकालकर हवा में फायरिंग की थी। गोली चलते ही यहां हड़कंप मच गया था। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों ने उसे दबोच लिया था। चश्मदीदों के अनुसार उसने ‘हिंदू राष्ट्र जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए हवाई फायरिंग की। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleArnab Goswami’s mid-air ambush: Anurag Kashyap cancels IndiGo flight to travel with Vistara in solidarity with Kunal Kamra
Next articleसियाचिन में जवानों के खराब कपड़ों की आलोचना करने वाली CAG की रिपोर्ट पर जानिए क्या बोले सेना प्रमुख