अंडरवर्ल्ड डॉन और 1993 मुंबई बम धमाकों के मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम की मुंबई में मौजूद संपत्ति की नीलामी मंगलवार(14 नवंबर) को शुरू हो गई है। ख़बरों के मुताबिक, मुंबई के आईएमसी चेंबर ऑफ कॉर्मस एंड इंडस्ट्री में नीलामी हो रही है।

पिछले दिनों वित्त मंत्रालय के कुछ अधिकारियों ने मुंबई में दाऊद की संपत्तियों का मुआयना किया था। ख़बरों के मुताबिक, मुंबई में दाऊद इब्राहिम की 6 संपत्तियां हैं, जिनकी नीलामी हो रही है। इसमें अफरोज होटल, डांबर बिल्डिंग और शबनम गेस्ट हाउस सहित कुछ 6 संपत्तियां शामिल हैं। उसमें से 3 संपत्तियों की नीलामी कराई जा रही है।
एसबीयूटी मुंबई के भिंडी बाजार में पुनर्वसन परियोजना पर काम कर रहा है। एसबीयूटी ने अफरोज होटल, शबनम गेस्ट हाउस और डांबर बिल्डिंग के लिए टेंडर भरा है।
बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले राजस्व विभाग ने विज्ञापन के जरिए नीलामी की जानकारी दी है।राजस्व विभाग ने 14 नवंबर को होने वाली इस नीलामी के लिए बंद लिफाफे में निविदाएं मांगी थीं।
बता दें कि, पिछले दिनों हिन्दू महासभा के नेता चक्रपाणि ने ऐलान किया था कि मुंबई के भिंडी बाज़ार स्थित दाऊद की ईमारत को खरीद उस पर ‘टॉयलेट’ बनवाएंगे। अखिल भारत हिन्दू महासभा के नेता चक्रपाणि नीलामी होने के चलते मुंबई में है।
गौरतलब है कि वर्ष 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों में दाऊद मुख्य आरोपी है। उन धमाकों में 257 लोगों की मौत हो गई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। ऐसा कहा जाता है कि दाऊद पाकिस्तान में रहता है। हालांकि, पाकिस्तान इस बात को अक्सर खारिज करता रहता है कि दाऊद उसके यहां छिपा बैठा है।