सीमा विवाद: असम सरकार ने एडवाइजरी जारी कर अपने लोगों को मिजोरम नहीं जाने की दी सलाह, कांग्रेस बोली- “देश के इतिहास में सबसे शर्मसार करने वाला दिन, मोदी है तो यही मुमकिन है”

0

असम-मिजोरम की सीमा पर पिछले दिनों हुई झड़प के बाद अब असम सरकार ने गुरुवार (29 जुलाई) को अपने लोगों को मिजोरम की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। असम सरकार ने लोगों को यात्रा परामर्श जारी करके राज्य के लोगों से अशांत परिस्थितियों के मद्देनजर मिजोरम की यात्रा से बचने को कहा है। असम सरकार के इस परामर्श पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि यह देश के लिए शर्मसार करने वाला दिन है क्योंकि असम और मिजोरम के बीच सीमा पर तनाव के बीच एक राज्य को अपने यहां के लोगों को दूसरे राज्य की यात्रा को लेकर एक परामर्श जारी करना पड़ा है।

असम सरकार

कांग्रेस महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने असम सरकार द्वारा राज्य के लोगों को मिजोरम की यात्रा से बचने के लिए जारी किए गए परामर्श का हवाला देते हुए कहा कि देश में यह सब संभव है, जब नरेंद्र मोदी हों।

उन्होंने हिंदी में एक ट्वीट में कहा, ‘‘देश के इतिहास में सबसे शर्मसार करने वाला दिन! जब देशवासी एक प्रांत से दूसरे प्रांत में न जा पाएँ, तो क्या मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को अपने पद पर बने रहने का अधिकार है? मोदी है तो यही मुमकिन है!’’

गौरतलब है कि, असम सरकार ने गुरुवार को यात्रा परामर्श जारी करके राज्य के लोगों से अशांत परिस्थितियों के मद्देनजर मिजोरम की यात्रा से बचने और वहां काम करने वाले और रहने वाले राज्य के लोगों से ‘अत्यंत सावधानी बरतने’ को कहा है। किसी भी राज्य सरकार द्वारा जारी किया गया इस तरह का यह शायद पहला परामर्श है।

असम के गृह सचिव एम एस मणिवन्नन द्वारा जारी परामर्श में कहा गया, ‘‘मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए, असम के लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मिजोरम की यात्रा न करें क्योंकि यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि असम के लोगों को कोई भी खतरा उत्पन्न हो।’’

परामर्श में इस बात का उल्लेख किया गया है कि असम और मिजोरम के सीमावर्ती इलाके में हिंसक झड़प की कई घटनाएँ हुई हैं। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleराहुल गांधी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लिखा पत्र, किसानों के लिए मांगी फसल ऋण चुकाने की राहत
Next articleCBSE 12th Result 2021: CBSE आज 2 बजे जारी करेगा कक्षा 12वीं का रिजल्ट, अधिक जानकारी के लिए cbse.gov.in को करें फॉलो