यशवंत सिन्हा ने PM मोदी पर फिर साधा निशाना, पूछा- क्या कार और मोटरसाइकिलें अधिक बिक जाने का मतलब विकास है?

0

भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर आर्थिक नीतियों को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला है। इस बार सीधे-सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा है कि कार और मोटरसाइकल का अधिक बिकना विकास नहीं है।रविवार(15 अक्टूबर) को किसानों के एनजीओ शेतकारी जगर मंच के एक कार्यक्रम में बोलते हुए यशवंत सिन्हा ने ‘राजशक्ति’ पर अंकुश के लिए ‘लोकशक्ति’ का आह्वान किया। उन्होंने सवाल किया कि कारें और मोटरसाइकिलें अधिक बिकने का मतलब क्या प्रगति है?

साथ ही सिन्हा ने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मैं नोटबंदी पर बोलना नहीं चाह रहा था, क्योंकि ऐसी चीज पर कोई क्या कहे जो फेल हो चुकी है। दरअसल, सिन्हा पिछले कुछ दिनों से अर्थव्यवस्था को लेकर लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए हैं।

आर्थिक नीतियों की हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने पिछले दिनों द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के समारोह में आंकड़े दिखाकर यह बताने की कोशिश की थी कि अर्थव्यवस्था में सबकुछ सही चल रहा है। इसी दौरान पीएम ने कार और ट्रैक्टर जैसी चीजों की बढ़ती बिक्री को भी अपने आंकड़े में शामिल किया था। सिन्हा इसी संदर्भ में पीएम पर निशाना साध रहे थे।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, यशवंत सिन्हा ने कहा कि हम यह लोकशक्ति पहल अकोला से शुरू करें। उन्होंने कहा कि हम पहले से मंदी का सामना कर रहे हैं। और आंकड़ों का क्या? आंकड़े एक चीज साबित कर सकते हैं तो उसी आंकड़े से दूसरी चीज भी साबित की जा सकती है।

पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के मुखिया ने हाल ही में एक घंटे के भाषण में भारत की प्रगति दिखाने के लिए आंकड़ों का हवाला दिया और कहा कि इतनी सारी कार और मोटरसाइकिल बिकीं।उन्होंने सवाल किया कि क्या इसका मतलब देश प्रगति कर रहा है। बिक्री तो हुई लेकिन क्या कोई उत्पादन हुआ?

Previous articleBHU के विदेशी छात्र ने सीनियर छात्रों पर लगाया मारपीट का आरोप, केस दर्ज
Next articleबेंगलुरु में सिलेंडर फटने से कई मकान क्षतिग्रस्त, 6 की मौत, बचाव कार्य जारी