केंद्र के साथ तनातनी के बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव अलपन बंदोपाध्याय ने लिया रिटायरमेंट, सीएम ममता बनर्जी के मुख्य सलाहकार बने

0

केंद्र सरकार के साथ पैदा हुए टकराव के बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव अलपन बंदोपाध्याय ने समय से पहले ही अपना रिटायरमेंट ले लिया है। केन्द्र सरकार ने उनको मंगलवार को दिल्ली आकर नॉर्थ ब्लाक स्थित दफ्तर में रिपोर्ट करने को कहा था। उनके रिटायरमेंट के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंदोपाध्याय को अपना मुख्य सलाहकार बना लिया है। एचके द्विवेदी को बंगाल का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि, अलपन बंदोपाध्याय केंद्र सरकार को रिपोर्टिंग करने के बजाय सोमवार को मुख्य सचिव के पद से ही रिटायर हो गए। केंद्र सरकार के सूत्रों के अनुसार आदेशों की अवेहलना करने के कारण उन्हें चार्जशीट की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। बंदोपाध्याय को पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुए चक्रवात यास की समीक्षा बैठक में संक्षिप्त उपस्थिति के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा चुका है।

केंद्र द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के अनुसार मुख्य सचिव को अधिकारियों द्वारा पूछा गया था कि वह समीक्षा बैठक में शामिल होना चाहते हैं या नहीं। इसके बाद वह मीटिंग रुम में मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे और तुरंत ही वहां से चले गए। उन्हें इस नोटिस का जवाब तीन दिनों में देने के लिए कहा गया है। इसके बाद एचके द्विवेदी ने बंगाल के नए मुख्य सचिव के रूप में पदभार संभाला है।

अलपन बंदोपाध्याय को दिल्ली बुलाने के केंद्र के आदेश को ‘असंवैधानिक’ करार देते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यह आदेश वापस लेने का अनुरोध किया था। केंद्र ने एक आकस्मिक फैसले में 28 मई को बंदोपाध्याय की सेवाएं मांगी थीं और राज्य सरकार को प्रदेश के शीर्ष नौकरशाह को तत्काल कार्यमुक्त करने को कहा था।

Previous articleटीवी से अर्नब गोस्वामी की अनुपस्थिति के बीच ब्रिटेन में रिपब्लिक भारत को कथित तौर पर ऑफ-एयर किया गया, अभद्र भाषा के लिए ब्रिटिश मीडिया वॉचडॉग ऑफकॉम ने चैनल पर लगाया था 20 लाख रुपये का जुर्माना
Next articleबिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद: दिनदहाड़े किडनैप हुए जदयू नेता का शव बरामद, पुलिस मामले की जांच में जुटी