“हम अपने आंदोलन को मध्य प्रदेश में भी करेंगे तेज”: किसान नेता राकेश टिकैत ने किया बड़ा ऐलान, बोले- “मोदी सरकार को कंपनियां चला रही हैं”

0

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने बुधवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि, हम अपने आंदोलन को मध्य प्रदेश में भी तेज करेंगे, वहां गुंडागर्दी बहुत है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि, मोदी सरकार को कंपनियां चला रही हैं। भाजपा तो नाम की रह गई है, उनके हाथ में रह क्या गया है।

राकेश टिकैत
फाइल फोटो

समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए, गाज़ीपुर बॉर्डर से BKU नेता राकेश टिकैत ने कहा कि, “मध्य प्रदेश में गुंडागर्दी है। आप ने देख लिया कि वहां क्या हाल है। ये लोग लूट मचा रहे हैं। हम अपने आंदोलन को मध्य प्रदेश में भी तेज करेंगे। मोदी सरकार को कंपनियां चला रही हैं। भाजपा तो नाम की रह गई है, उनके हाथ में रह क्या गया है।”

वहीं, इससे पहले टिकैत ने ऐलान किया था कि वह इस बार दिवाली पर घर नहीं लौटेंगे। टिकैत ने कहा था कि वह बॉर्डर पर ही किसानों के बीच दिवाली मनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान अपना हक लेकर रहेंगे। टिकैत ने कहा कि सरकार ने अगर मांगें नहीं मानी तो 27 नवंबर से आंदोलन को नया रूप दिया जाएगा।

बता दें कि, दिल्ली के बॉर्डर पर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों के किसान केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर करीब 11 महीने से धरने पर बैठे हुए हैं। किसानों ने होली का त्योहार भी यहीं पर मनाया था। इस बार की दिवाली भी किसान दिल्ली के बॉर्डर पर ही मनाने जा रहे हैं।

Previous article“महंगाई चरम पर है, काश मोदी सरकार के पास जनता के लिए एक संवेदनशील दिल होता”: राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
Next articleउत्तर प्रदेश: ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने से इनकार करने पर अलीगढ़ में मुस्लिम युवक की पिटाई, 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप