मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव से पहले पूर्व विधायक और मंत्री ब्रजेन्द्र यादव का साड़ी बांटते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को कांग्रेस नेताओं ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए चुनाव आचार संहिता का खुला मखौल उड़ाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने वीडिओ को ट्वीट करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात भी कही है।
बता दें कि, मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उप-चुनाव में वोटिंग 3 नवंबर को होने वाली है। उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार जैसे-जैसे जोर पकड़ता जा रहा है, उतनी ही तेजी से नेताओं से जुड़े वीडियो वायरल होते जा रहे है। इस बीच, शिवराज सरकार के एक और मंत्री ब्रजेन्द्र यादव का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह महिलाओं को साड़ी बांटते दिख रहे हैं।
विपक्ष दल कांग्रेस ने मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव के वायरल हुए वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के अकाउंट पर पोस्ट करते चुनाव के समय वोटरों को लालच देने का आरोप लगाते हुए तंज कसा है। मध्य प्रदेश कांगेस ने अपने ट्वीट में लिखा, “35 करोड़ दिखने लगा प्रचार में, बीजेपी प्रत्याशी बाँट रहे साड़ी; कल बीजेपी के बिकाऊ लाल का 100 और शाम को 500 का नोट बाँटने के वीडियो वायरल होने के बाद अब दूसरे बैंगलोर रिटर्न मंत्री ब्रजेन्द्र यादव साड़ी बांट रहे हैं। ये बिकाऊ लोग नेता नहीं हैं, ये लोकतंत्र के स्थाई कलंक हैं।”
35 करोड़ दिखने लगा प्रचार में,
—बीजेपी प्रत्याशी बाँट रहे साड़ी;कल बीजेपी के बिकाऊ लाल का 100 और शाम को 500 का नोट बाँटने के वीडियो वायरल होने के बाद अब दूसरे बैंगलोर रिटर्न मंत्री ब्रजेन्द्र यादव साड़ी बांट रहे हैं।
ये बिकाऊ लोग नेता नहीं हैं,
ये लोकतंत्र के स्थाई कलंक हैं। pic.twitter.com/29hnP4pjgL— MP Congress (@INCMP) October 6, 2020
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “मूंगावली के पूर्व विधायक, मंत्री ब्रजेंद्र यादव इस वाइरल विडीओ में मतदाताओं को साड़ी बाँट रहे है। कोई नोट, कोई कलश, कोई साड़ी बाँट रहा है। कांग्रेस करेगी चुनाव आयोग को शिकायत। डील के करोड़ों रुपये बाहर आ रहे है।”
मूंगावली के पूर्व विधायक , मंत्री ब्रजेंद्र यादव इस वाइरल विडीओ में मतदाताओं को साड़ी बाँट रहे है।
कोई नोट , कोई कलश , कोई साड़ी बाँट रहा है।
कांग्रेस करेगी चुनाव आयोग को शिकायत…
डील के करोड़ों रुपये बाहर आ रहे है… pic.twitter.com/h0NXKulOdZ
— Narendra Saluja (@NarendraSaluja) October 6, 2020
बता दें कि, इससे पहले मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और आदिवासी नेता बिसाहूलाल सिंह का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह बच्चों को नोट बांटते हुए नज़र आ रहे हैं। मंत्री बिसाहूलाल अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र से बतौर भाजपा उम्मीदवार उपचुनाव लड़ने वाले हैं। कांग्रेस का आरोप है कि ये वीडियो 3 अक्टूबर का है, लेकिन भाजपा नेता का कहना है कि ये पुराना वीडियो है।
क्या केंद्रीय चुनाव आयोग व न्यायपालिका इस विडियो को संज्ञान में लेगी? https://t.co/5P1DFKeRAR
— digvijaya singh (@digvijaya_28) October 6, 2020
ब्रजेंद्र यादव मुंगवाली विधानसभा से भाजपा के संभावित प्रत्याशी हैं। यादव पिछले दिनों ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये थे। वहीं स्थानीय मीडिया से चर्चा करते हुए ब्रजेन्द्र यादव ने वीडियो को कोरोना काल का बताया है।