राजस्थान: NDA में शामिल पार्टी ने पूर्व CM वसुंधरा राजे पर लगाया कांग्रेस प्रत्याशी की मदद करने का आरोप, BJP से की कार्रवाई की मांग

0

राजस्थान के नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक हनुमान बेनीवाल ने शुक्रवार को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व मंत्री यूनुस खान पर खींवसर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की मदद करने का आरोप लगाया।

file Photo: Hindustan Times

गुरुवार को घोषित चुनाव परिणाम में इस सीट पर हनुमान बेनीवाल के भाई नारायण बेनीवाल ने जीत दर्ज की थी। बता दें कि, खींवसर विधानसभा सीट पर रालोपा ने भाजपा से गठबंधन किया था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार हरेन्द्र मिर्धा को कम अंतर से हराया था। सांसद हनुमान बेनीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट कर वसुंधरा राजे और खान पर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को मदद करने का आरोप लगाया और भाजपा नेतृत्व से दोनों पर कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि दोनो नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस उम्मीदवार की मदद की थी। नागौर लोकसभा सीट पर हनुमान बेनीवाल ने जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रालोपा के साथ गठबंधन था।

बता दें कि, हनुमान बेनीवाल ने अपने इस ट्वीट में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनिया, और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी टैग किया है।

Previous articleजानिए कौन हैं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहले उपराज्यपाल बनने वाले गिरीश चंद्र मुर्मू और राधा कृष्ण माथुर
Next articleJJP नेता दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला को बड़ी राहत, दो सप्ताह के लिए तिहाड़ जेल से आएंगे बाहर