बिहार: रालोसपा के ‘आक्रोश मार्च’ पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, घायल उपेंद्र कुशवाहा अस्पताल में भर्ती, तेजस्वी बोले- ‘नीतीश जी, कुर्सी बचाने के लिए इस स्तर की राजनीति ठीक नहीं’

0

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) की तरफ से शिक्षा में सुधार की मांग को लेकर बिहार की राजधानी पटना में शनिवार (2 फरवरी) को निकाले गए आक्रोश मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। पटना में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी द्वारा शनिवार को आयोजित जन आक्रोश मार्च के दौरान रालोसपा समर्थकों पर पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।

चोट लगने से उपेंद्र कुशवाहा की तबीयत खराब हो गई है और उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि लाठीचार्ज में कुशवाहा को काफी चोट लगी है। घटना की रालोसपा ने निंदा की है। घायल कुशवाहा ने नीतीश शासन को निरंकुश बताते हुए सुनियोजित साजिश के तहत लाठीचार्ज कराने का आरोप लगाया है। बता दें कि शनिवार को बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने जन आक्रोश मार्च निकाला था।

इस दौरान पुलिस लाठीचार्ज में रालोसपा प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, रालोसपा के कार्यकर्ता ने पूर्व मंत्री कुशवाहा के नेतृत्व में आक्रोश मार्च निकाला था। जेपी गोलंबर से प्रारंभ इस मार्च के डाक बंगला चौराहे के पास पहुंचने पर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता राजभवन की ओर जाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने रोड़ेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस ने इसके बाद पानी की बौछारें की और कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन रालोसपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और लाठियां भांजने लगे। इसके बाद पुलिस ने भी लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज की घटना को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने पत्रकारों से बातचीत में नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार शिक्षा विरोधी है और उसी कारण रालोसपा के आक्रोश मार्च के दौरान पुलिस से लाठियां चलवाई गईं।

उन्होंने कहा कि इसमें कई कार्यकर्ता और समर्थक जख्मी हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी सिर और पीठ में चोटें आई हैं।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि रोड़ेबाजी में कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार की निंदा की है। तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा है, “शिक्षा सुधार के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे रालोसपा अध्यक्ष श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी द्वारा पुलिस से हमला करवाना लोकतांत्रिक मूल्यों के ख़िलाफ़ एवं तानाशाही की पराकाष्ठा है।नीतीश जी, कुर्सी बचाने के लिए इस स्तर की राजनीति ठीक नहीं है।”

Previous articleऋषि कुमार शुक्ला बने सीबीआई निदेशक: खड़गे बोले- अनुभवहीन अधिकारियों को CBI पैनल में शामिल करना कानून का उल्लंघन
Next articleपुलिस को बड़ा झटका: कोर्ट ने गोवा के प्रोफेसर आनंद तेलतुंबड़े की गिरफ्तारी को बताया ‘गैरकानूनी’, छोड़ने के दिए आदेश