VIDEO: थाने के अंदर मुस्लिम जोड़े की बेरहमी से पिटाई करते दिखे यूपी पुलिस के DSP अशोक कुमार दीक्षित, वीडियो वायरल होने के बाद जांच के आदेश

0

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पुलिस के बड़े अधिकारी थाने के अंदर एक मुस्लिम जोड़े के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सहारनपुर के रेलवे पुलिस थाने का बताया जा रहा है। मुस्लिम जोड़े की पिटाई डीएसपी (रेलवे) अशोक कुमार दीक्षित द्वारा की गई। वीडियो वायरल होने के बाद एडीजी रेलवे ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि डीएसपी अशोक कुमार दीक्षित एक डंडे से मुस्लिम जोड़े की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं और उन्हें धमकी दे रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि महिला से पूछताछ के दौरान एक भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं है। पिटाई का कारण वीडियो में साफ नहीं हो पा रहा है। डीएसपी अशोक कुमार दीक्षित जोड़े से पूछताछ कर दोनों की पिटाई कर रहे हैं।

हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक डीएसपी अशोक कुमार दीक्षित पिछले महीने की 31 तारीख को रिटायर हो गए हैं, लेकिन उनके खिलाफ जांच की जाएगी। यह वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक एडीजी रेलवे संजय सिंघल ने वीडियो की जांच के आदेश दे दिए हैं। उनका कहना है कि दोषी पाए जाने पर अशोक कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रिटायर्ड जीआरपी के क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार की सोशल मीडिया तीखी आलोचना हो रही है। मुस्लिम जोड़े की पिटाई के दौरान तमाम पुलिसकर्मी तमाशबीन बन देख रहे हैं। अशोक कुमार दीक्षित बार-बार वीडियो में पूछते दिख रहे हैं कि आखिर इस लड़के से तेरा संबंध क्या है? क्यो इस लड़के से मिलने आई थी?

वहीं, वीडियो में लड़की रो-रोकर रहम की भीख मांग रही है कि मेरा उससे कोई गलत संबंध नहीं है। हमने कुछ नहीं किया हमें जाने दीजिए। आपको बता दें कि पुलिस द्वारा इस तरह सरेआम कपल को पीटने की यह पहली घटना सामने नहीं आई है। इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।

Previous articleजानिए क्यों, मुंबई पुलिस ने रुकवाई शाहरुख खान की लेटनाइट जन्मदिन पार्टी
Next articleAAP ने असंतुष्ट नेता सुखपाल सिंह खैरा और कंवर संधू को पार्टी से किया बाहर