UP Panchayat Election Result 2021: उत्तर प्रदेश के ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजों से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में बड़ी जीत हासिल की है। इसके साथ ही कई अन्य जगहों पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।
नतीजों के मुताबिक, अयोध्या में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। जिले की 40 जिला पंचायत सीटों में से 22 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में महज आठ सीटें ही आईं। मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी ने भी चार सीटों पर जीत दर्ज की। बाकी पर निर्दलियों ने कब्जा जमाया। जनपद में करीब एक दर्जन भाजपा नेताओं ने टिकट ना मिलने की वजह से बगावत कर दिया था।
हार को स्वीकार करते हुए भाजपा के जिला प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “परिणाम निराशाजनक हैं। अयोध्या जिले के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा के विधायकों की बैठक के बावजूद हमने 40 में से 8 जिला पंचायत सीटें जीतीं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में जिला पंचायत की 40 में से महज 8 सीटें ही भाजपा के खाते में आई हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में 14 सीटें और बीएसपी के खाते में 5 सीटें आई हैं। यहां अपना दल (एस) को 3 सीटें, आम आदमी पार्टी और सुभासपा को 1-1 सीटें मिली हैं। वहीं, 3 निर्दलीय कैंडिडेट को जीत मिली है।
इसी तरह कान्हा की नगरी मथुरा में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहां मायावती की बीएसपी ने 12 और चौधरी अजीत सिंह की राष्ट्रीय लोकदल ने 9 सीटों पर परचम लहराया है। भाजपा की झोली में सिर्फ 8 सीटें आईं। वहीं सपा ने एक सीट मात्र से अपना खाता ही खोला। कांग्रेस का खाता तक नहीं खुल सका और 3 निर्दलीय प्रत्याशी जीत गए।
इन आंकड़ों से साफ है कि भाजपा की दूसरे राजनीतिक दलों से आगे है। योगी सरकार के चार सालों के कार्यकाल में इन तीनों जिलों पर विशेष फोकस रहा है। 8 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव के सेमीफाइनल में मिली शिकस्त योगी सरकार के लिए बड़ा झटका है। पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार के लिए झटका देने वाले साबित हुए हैं।