UP Panchayat Election 2021: मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव ने थामा BJP का दामन, मैनपुरी से चुनाव मैदान में उतरीं

0

UP Panchayat Election 2021: समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई हैं। साथ ही भाजपा ने उन्हें मैनपुरी में घिरूर के वार्ड संख्या 18 से पंचायत चुनाव का टिकट दिया है, संध्या ने बुधवार को यहाँ से अपना नामांकन भी भर दिया है। संध्या मुलायम सिंह के बड़े भाई अभय राम यादव की बेटी और समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की बड़ी बहन हैं। संध्या अभी तक समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैनपुरी ज़िला पंचायत की अध्यक्ष थीं।

फोटो: ANI

मैनपुरी ज़िला पंचायत अध्यक्ष पद पर उनके पर्चा भरने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे भाजपा में जाने की वजह पूछी तो उन्होंने वहां खड़े भाजपा ज़िला अध्यक्ष प्रदीप चौहान से जवाब देने कहा। प्रदीप चौहान ने मीडिया से कहा कि संध्या ने वो पार्टी जॉइन की है जिसके नेता नरेंद्र मोदी की मुलायम सिंह यादव ने खुद लोकसभा में तारीफ की थी। संध्या के पति अनुजेश यादव ने कहा कि भाजपा ने प्यार दिया, सम्मान दिया, इसलिए भाजपा से लड़ रहे हैं।

पत्रकारों के यह पूछने पर कि क्या यादव परिवार में आपको सम्मान नहीं मिला था क्या?” अनुजेश सवाल हंस कर टाल गए। संध्या यादव के पति पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं और अब बीजेपी ने संध्या यादव को टिकट दिया है।

उत्तर प्रदेश में इसी महीने होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। प्रदेश में पंचायत चुनाव चार चरणों में 15 से 29 अप्रैल के बीच होने हैं और परिणाम 2 मई को आएंगे।

Previous articleVIDEO: पीएम मोदी ने AIIMS में लगवाई कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, बोले- योग्य हैं तो आप भी लगवाएं
Next articleSEBI ने मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, अनिल अंबानी, टीना अंबानी और परिवार के अन्य सदस्यों पर लगाया 25 करोड़ रुपये का जुर्माना