मोदी के मंत्री सत्यपाल सिंह बोले- आतंकवाद और अपराध जैसी समस्याओं का अंत सिर्फ वेदों के जरिए ही हो सकता है

0

कई बार विवादास्पद बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के बागपत से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह ने एक बार फिर एक अजीब बयान दिया है। मोदी सरकार के इस मंत्री का मानना है कि देश में आतंकवाद और अपराध जैसी समस्याओं का अंत सिर्फ और सिर्फ वेदों के जरिए ही हो सकता है।

फाइल फोटो

केंद्रीय राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह का कहना है कि जितने भी अपराध, आतंकवाद, समस्याएं हैं, उन सबका निदान अगर कोई कर सकता है तो वो वेदों के विचार, ऋषि ज्ञान ही कर सकते हैं। उन्होंने गुरुवार (25 अक्टूबर) को अंतर्राष्ट्रीय आचार्य महासम्मेलन 2018 के कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने कहा, ”जब अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेते हैं, उनके एक हाथ में बाइबल होती है और वो उसकी शपथ लेते हैं। मैं सपना देखता हूं जब इस देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्री अपने हाथों में वेद लेकर उससे अपने पद की शपथ लेंगे।”

केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह ने आगे कहा कि ‘जितने भी अपराध, आतंकवाद, समस्याएं हैं, उन सबका निदान अगर कोई कर सकता है तो वो वेदों के विचार, ऋषि ज्ञान ही कर सकते हैं… अगर इस देश के गौरव को पुन: लौटाना है तो हमें पुन: वेदों की तरफ जाना पड़ेगा।’

बता दें कि सत्यपाल मलिक इससे पहले भी अपने बयान को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं. इससे पहले उन्होंने डार्विन के सिद्धांत को गलत करार दिया था।

Previous articleदिल्ली: एमसीडी स्कूल के टैंक में सफाई के दौरान मिले कंकाल और हड्डियां, दहशत में लोग
Next article“अब तक सरकारें लोगों को CBI से डराती थीं, ये पहला मौका है जब सरकार खुद CBI से डरी हुई है”