महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को शनिवार को बड़ा झटका लगा जब उसके नेता छत्रपति शिवाजी के वशंज उदयनराजे भोसले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
उदयनराजे भोसले आज सुबह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के घर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के अलावा अन्य नेता मौजूद थे। भोसले सतारा सीट से लोकसभा सांसद थे और उन्होंने आज ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया।
उदयनराजे का बीजेपी में शामिल होना इसलिए अहम है क्योंकि ये शिवाजी के वंशज हैं और इसका सियासी फायदा बीजेपी को हो सकता है। उदयनराजे को खुद सीएम देवेंद्र फड़णवीस पुणे से दिल्ली लेकर आए थे। बता दें कि, महाराष्ट्र में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।
उनके भाजपा में शामिल होने के बाद अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर स्वराज की स्थापना करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज उदयनराजे जी ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उदयनराजे जी का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं।’’
देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर स्वराज की स्थापना करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज श्री उदयनराजे जी ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उदयनराजे जी का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं। pic.twitter.com/jg37ezH5eN
— Amit Shah (@AmitShah) September 14, 2019