गुरदासपुर उपचुनाव में शानदार जीत से कांग्रेस उत्साहित, सिद्धू बोले- इस थप्पड़ की गूंज देशभर में सुनाई देगी

0

पंजाब के गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में रविवार(15 अक्टूबर) को कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है। कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के सवर्ण सिंह सलारिया को 1,93,219 मत के अंतर से पराजित किया। जाखड़ को कुल 4,99,752 जबकि सलारिया को 3,06,533 मत प्राप्त हुए।

वहीं, आम आदमी पार्टी(AAP) के उम्मीदवार मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुरेश खजुरिया 23,579 मत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। यह सीट बीजेपी सांसद और मशहूर अभिनेता विनोद खन्ना के इस साल अप्रैल में निधन के कारण खाली हो गया था। खन्ना ने 1998, 1999, 2004 और 2014 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस ने वर्ष 2009 में यह सीट जीती थी। उस समय कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह बाजवा ने खन्ना को हराया था।चुनाव जीतने के बाद जाखड़ ने मतदाताओं को धन्यवाद कहा। बता दें कि वह प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। जाखड़ ने कहा कि इस जीत के साथ लोगों ने अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में अपने विश्वास की फिर से पुष्टि की है।

उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और कैप्टन अमरिंदर सिंह की जीत है। जाखड़ को बधाई देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह विकास के एजेंडे की जीत है। वहीं, संवाददाताओं से बातचीत में राज्य के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि हम लोगों ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लाल रिबन में पैक करके दिवाली का उपहार भेंट किया है क्योंकि यह आगे की राह तय करेगा।

सिद्धू ने कहा कि यह जीजा-साले शिअद प्रमुख सुखबीर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया के चेहरे पर बड़ा तमाचा है। आज बीजेपी यह समझा जाएगी कि अकाली दल पंजाब में बड़ा बोझ बन गया है। बार-बार लोगों ने उनको याद दिला दी है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस के पंजे थप्पड़ पड़ा है। इसकी गूंज देशभर में सुनाई देगी।

सिद्धू ने कहा कि किरदार और कर्म को वोट मिला है। पैसे के ऊपर योग्यता की जीत हुई है। हमारे कार्यकर्ता और हमारे नेता की जीत है। जिन्होंने 2 मिनट जाखड़ और सलारिया को सुना उसने निर्णय ले लिया।’ हालांकि, बीजेपी और AAP दोनों ने कांग्रेस पर उपचुनाव में जीत के लिए सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

 

Previous articleहिमाचल प्रदेश चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, वीरभद्र मंत्रिमंडल छोड़ अनिल शर्मा ने BJP का थामा दामन
Next articleRahul Gandhi taunts PM Modi after Trump thanks Pakistan