लोकसभा चुनाव में पंजाब की गुरदासपुर संसदीय सीट पर भाजपा उम्मीदवार सनी देओल के हाथों शिकस्त मिलने के बाद सुनील जाखड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से सोमवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेज दिया है।
गौरतलब है कि, कुछ महीने पहले ही जाखड़ ने लगभग दो लाख वोटों के अंतर से यह सीट जीती थी। लेकिन इस लोकसभा चुनाव में सुनील जाखड़ को गुरदासपुर सीट से भाजपा नेता और अभिनेता सनी देओल के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
जाखड़ ने अपने त्याग पत्र में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के समर्थन के बावजूद वह सीट को बरकरार नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि, सभी ने मेरा पूरा समर्थन किया और मेरे लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया लेकिन फिर भी मैं अपनी सीट को नहीं बचा सका।
सुनील जाखड़ का कहना है, परिस्थिति भले ही कुछ भी हो लेकिन हकीकत ये ही है कि मैं हार गया। मैं इसकी नैतिक जिम्मेवारी ले रहा हूँ। इसी लिए मैंने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष को भेज दिया है।
बता दें कि, पंजाब की कुल 13 लोकसभा सीटों में कांग्रेस ने अपने दम पर 8 सीटें जीती है। जबकि भाजपा और अकाली दल ने दो-दो सीटें जीतीं है। 2014 के चुनावों में चार सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी(आप) ने इस लोकसभा चुनाव में सिर्फ एक सीट ही जीती है।
सुनील जाखड़ से पहले आज सुबह झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार ने पद से इस्तीफा दे दिया था। असम कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेजा है। लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद अबतक यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, अमेठी ज़िला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्र, ओडिशा कांग्रेस समिति के अध्यक्ष निरंजन पटनायक समेत कई छोटे-बड़े नेताओं ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।