स्मृति ईरानी के खिलाफ दायर केस को वकील ने बताया झूठ पर आधारित, केंद्रीय मंत्री करेंगी कानूनी कार्रवाई

0

उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के वकील कीरत नागरा ने शनिवार को कहा कि निशानेबाज (शूटर) वर्तिका सिंह द्वारा उनके (मंत्री के) खिलाफ दायर मामला झूठ पर आधारित है तथा राजनीतिक संरक्षण इस मामले में कहीं अधिक स्पष्ट रूप में नजर आ रहा है। नागरा ने कहा कि यह मामला मंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और उन्हें बदनाम करने की कोशिश है और वह इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।

स्मृति ईरानी

उल्लेखनीय है कि, वर्तिका सिंह ने उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर की एक अदालत का रुख कर स्मृति ईरानी और दो अन्य लोगों पर उन्हें (वर्तिका को) महिला आयोग का सदस्य बनाने के एवज में रुपये मांगने का आरोप लगाया है। उल्लेखनीय है कि, एक पुलिस शिकायत में कुछ दिन पहले वर्तिका को नामजद किया गया था। इस साल नवंबर में वर्तिका और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अमेठी जिले के मुसाफिरखाना पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी।

इस विषय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नागरा ने एक बयान में कहा कि यह झूठ के आधार पर उनके मुवक्किल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और उन्हें बदनाम करने की कोशिश है, जिसमें इस व्यक्ति ने आधिकारिक दस्तावेजों का फर्जीवाड़ा भी किया है। नागरा ने कहा कि अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से ध्यान भटकाने के लिए शूटर ने ‘‘कुछ काल्पनिक मामला दायर कराया है, जिस बारे में हमने प्रेस में पढ़ा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक आदतन अपराधी ने प्रचार पाने के लिए दुर्भावनापूर्ण कोशिश की है, जिसमें राजनीतिक संरक्षण स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।’’ उन्होंने कहा कि ईरानी इस विषय में कानूनी उपायों का सहारा लेंगी। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleCBSE Class 10th, 12th Board Exam 2021: केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने की बड़ी घोषणा, 31 दिसंबर को होगा CBSE बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान, cbse.nic.in पर परीक्षाओं से संबंधित जानकारी ले सकते है स्टूडेंट
Next articleकिसान आंदोलन: कृषि कानूनों पर NDA को एक और बड़ा झटका, अकाली दल के बाद अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी छोड़ा साथ, हनुमान बेनीवाल ने की घोषणा