ऐश्वर्या राय का ‘अपमानजनक’ मीम शेयर कर फंसे विवेक ओबरॉय पर अब सलमान खान ने दी प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा?

0

बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबरॉय सोमवार को उस समय विवादों में घिर गए जब उन्होंने एग्जिट पोल से जुड़ा मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन का एक आपत्तिजनक ‘मीम’ ट्विटर पर शेयर कर दिया। इस मामले में जहां राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू)ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, वहीं अदाकारा सोनम कपूर, डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालिवाल सहित कई लोगों ने उनकी आलोचना की है।

ऐश्वर्या पर मीम शेयर कर बुरी तरह घिरे विवेक ओबेरॉय ने मंगलवार सुबह आखिरकार ट्वीट कर माफी मांग ली। इसके साथ ही उन्‍होंने जो विवादित मीम शेयर किया था, उसे भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से डिलीट कर दिया है। विवेक ने माफी मांगते हुए मंगलवार सुबह दो ट्वीट कर मामले पर सफाई दी है।

पहले ट्वीट में उन्‍होंने लिखा, ‘कभी-कभी किसी को पहली बार में जो मजेदार और हानिरहित लगता है, वैसा दूसरों को शायद नहीं लगता। मैंने पिछले 10 साल, 2000 से ज्‍यादा असहाय लड़कियों के सशक्तिकरण में बिताए हैं। मैं कभी किसी महिला के अपमान के बारे में सोच भी नहीं सकता।’ वहीं, दूसरे ट्वीट में अभिनेता ने लिखा, ‘अगर मीम पर मेरी प्रतिक्रिया से एक भी महिला आहत हुई है तो इसमें सुधार की जरूरत है। माफी मांगता हूं। ट्वीट डिलीट कर दिया है।’

अब पूरे मामले पर अभिनेता सलमान खान की भी प्रत‍िक्र‍िया सामने आ गई है। सलमान ने अपनी आगामी फिल्म ‘भारत’ के प्रमोशन के दौरान व‍िवेक ओबेरॉय के ट्वीट पर किए गए सवाल के जवाब देते हुए इशारों इशारों में निशाना साधा है। सलमान ने भी अन्य सिलेब्रिटीज की तरह मामले पर निराशा जाहिर करते हुए व्यंग्यात्मक रूप से कहा कि वह पहले की तरह अब ट्विटर पर सक्रिय नहीं हैं। ‘दबंग’ अभिनेता ने कहा, “मैं ध्यान नहीं देता, पहले जैसा ट्वीट भी नहीं करता, तो मीम्स क्या देखूंगा। मैं काम करूं या कमेंट देखूं, मीम्स देखूं। मैं ब‍िल्कुल ध्यान नहीं देता।”

क्या था विवादित मीम में?

ओबरॉय ने जिस ‘मीम’ को शेयर किया था वह तीन हिस्सों ओपिनियन पोल, एग्जिट पोल और रिजल्ट (नतीजे) में बंटा था।ओपिनियन पोल में ऐश्वर्या सलमान के साथ नजर आ रही हैं, एग्जिट पोल में विवेक ओबरॉय के साथ और नतीजों में वह अभिषेक बच्चन और अराध्या के साथ नजर आ रही हैं। ओबरॉय ने इसे शेयर करते हुए लिखा, ‘‘हा हा, रचनात्मक। कोई राजनीति नहीं…बस जिंदगी।’’

अभिनेता के ‘मीम’ साझा करते ही चारों ओर से उनकी अलोचना शुरू हो गई। अदाकरा सोनम कपूर ने लिखा, घृणित एवं निम्नस्तरीय…। वहीं, अदाकारा एवं कांग्रेस की उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर ने कहा, ‘‘विवेक ओबरॉय इतना खराब पोस्ट करना बेहद अपमानजनक और खराब। अगर उस महिला और उसकी बच्ची से माफी नहीं मांग रहे हो तो कम से कम पोस्ट हटाने की शालीनता तो दिखाएं।’’

महिला आयोग ने भेजा नोटिस

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय से जुड़ा एक मीम ट्विटर पर पोस्ट करने के लिए अभिनेता विवेक ओबरॉय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। ओबरॉय को जारी नोटिए में आयोग ने कहा कि वह ‘अपमानजनक’ और ‘महिला विरोधी’ पोस्ट को लेकर संतोषजनक स्पष्टीकरण दें। उसने कहा, ‘‘विभिन्न मीडिया माध्यमों से यह जानकारी मिली है कि आपने ट्विट पर एक महिला (ऐश्वर्या) और एक बच्ची (अराध्या) के बारे में अपमानजनक एवं महिला विरोधी पोस्ट किया। खबर में कहा गया है कि आपने चुनाव नतीजों और एक महिला के निजी जीवन को लेकर तुच्छ किस्म की तुलना की।’’

आयोग ने कहा, ‘‘आपकी ओर से किया गया पोस्ट बहुत ही अनैतिक है और महिला की गरिमा का अपमान करने वाला है।’’ वहीं दिल्ली महिला आयोग की स्वाति मालीवाल ने लिखा, ‘‘इसमें हंसने जैसा कुछ नहीं है। विवेक ओबरॉय यह उसके रचनाकार की मूर्खता, अभद्रता और बीमार मानसिकता दिखाता है।’’ फिल्मकार अशोक पंडित, अभिनेत्री सोनम कपूर, मशहूर अभिनेता अनुपम खेर सहित ट्विटर पर कई अन्य लोगों ने भी उनकी आलोचना की। विवेक ओबरॉय इन दिनों फिल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ के प्रचार में मसरूफ हैं। इसमें वह नरेंद्र मोदी की भूमिका में नजर आएंगे।

 

Previous articleISRO की बड़ी सफलता, श्रीहरिकोटा से RISAT-2B का सफल प्रक्षेपण, आपदा प्रबंधन में करेगा मदद
Next articleजब अपने कामकाज निष्पक्ष नहीं तो चुनाव कैसे स्वतंत्र और निष्पक्ष कराएगा निर्वाचन आयोग: कांग्रेस