भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार (17 अप्रैल) को मध्य प्रदेश में चार अहम सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया। बीजेपी ने मालेगांव विस्फोट मामले में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया का सामना कर चुकीं साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के पार्टी में औपचारिक तौर पर शामिल होने के बाद अब उन्हें भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के खिलाफ प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
साध्वी प्रज्ञा ने बुधवार को ही भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कायार्लय भी पहुंची थी, यहां उनकी पार्टी के कई आला नेताओं से मुलाकात हुई। जिसके बाद उन्होंने औपचारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। बीजेपी दफ्तर पहुंचते ही भोपाल सीट से उनकी उम्मीदवारी को लेकर भी अटकलें तेज हो गईं थी। भोपाल संसदीय सीट से बीजेपी उम्मीदवार बनाए जाने पर साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि हम तैयार हैं, अब उसी कार्य में लग गई हूं।
Sadhvi Pragya Singh Thakur, BJP on her candidature from Bhopal, MP in #LokSabhaElections2019 : Hum tayar hain, ab ussi karya mein lag gayi hun. pic.twitter.com/16PE5OcVSG
— ANI (@ANI) April 17, 2019
बीजेपी की इस लिस्ट में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के अलावा गुना से डॉ. केपी यादव, सागर से राजबहादुर सिंह और विदिशा के रमाकांत भार्गव को टिकट दिया है। बता दें कि विदिशा से मौजूदा सांसद और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।
साध्वी प्रज्ञा बुधवार को भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय भी पहुंची थीं और यहां उनकी पार्टी के कई आला नेताओं से मुलाकात हुई। बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने बताया कि साध्वी प्रज्ञा ने पार्टी की औपचारिक सदस्यता ले ली है। उसी दौरान पार्टी में भोपाल संसदीय सीट से साध्वी प्रज्ञा को अपना प्रत्याशी बनाए जाने पर सहमति बन चुकी थी। उनके नाम के ऐलान की औपचारिकता शेष रह गई थी।
कांग्रेस ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। अब बीजेपी की ओर से साध्वी प्रज्ञा दिग्विजय सिंह को चुनौती देंगी। कांग्रेस जहां एक ओर प्रदेश की सभी 29 संसदीय सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है, वहीं बीजेपी की ओर से अभी एक सीट इंदौर पर अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा बाकी है।