बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दिग्गज नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने अपने पद से और पार्टी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पूर्व विधायक विजेंद्र यादव को आरजेडी के मुखिया लालू प्रसाद यादव का काफी करीब माना जाता है।

स्थानिय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट देने का ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर विजेंद्र यादव ने इस्तीफा दिया है। विजेंद्र यादव की भूमिका भोजपुर में किंगमेकर के तौर पर रही है। हालांकि, काफी दिनों से वो पार्टी से नाराज चल रहे थे। विजेंद्र यादव पिछले करीब तीन दशक से राजद में थे। अभी वो किस दल में जा रहे हैं ये स्पष्ट नहीं किया है।
आरजेडी से इस्तीफे के बाद विजेंद्र यादव ने कहा कि जो भी दल सम्मान के साथ बुलाएंगे हम उनके साथ जा सकते हैं। हमने किसी भी दल के नेताओं से बात नहीं की है। फिलहाल मैं जिस दल में जाऊंगा उसी से चुनाव लड़ूंगा। बता दें कि, भोजपुर के विधान पार्षद राधाचरण साह और रणविजय सिंह भी तीन अन्य पार्षदों के साथ हाल में ही राजद छोड़ जदयू में शामिल हो गए थे।
बता दें कि, बिहार में जनता दल यूनाईटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। राज्य में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा के लिए चुनाव होने वाले हैं।