कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि पार्टी की नीति में विश्वास करने वाला हर व्यक्ति चाहता है कि राहुल गांधी को एक बार फिर से कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।
सुरजेवाला ने एक सवाल के जवाब में संवादाताओं से कहा, ‘‘जिन व्यक्तियों को कांग्रेस की नीति में विश्वास है उनमें 99 प्रतिशत नहीं, 100 प्रतिशत की राय यह है कि राहुल गांधी जी को आगे बढ़कर एक बार फिर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहिए।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘इसका निर्णय उचित समय पर कांग्रेस कार्यसमिति, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी करेगी। 2019 के चुनाव के बाद नैतिकता के आधार पर और अपनी जिम्मेदारी सबसे पहले निर्धारित करते हुए (राहुल ने) इस्तीफा दिया था। भविष्य में क्या होगा, मैं नहीं कह सकता, पर जो होगा वो सुखद होगा।’’
उधर केरल में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नितला ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि उन्हें एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।
गौरतलब है कि, पिछले साल लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राहुल गांधी ने लाख मनाने के बाद भी इस पद से इस्तीफा दे दिया था। अपने त्यागपत्र को सार्वजनिक करते हुए उन्होंने कहा था कि वह हार की जिम्मेदारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा था, ”कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर 2019 के चुनाव की हार की जिम्मेदारी मेरी है। हमारी पार्टी के भविष्य के विकास के लिए जवाबदेही होना महत्वपूर्ण है। इसी कारण से मैंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है।”
राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद काफी समय तक कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष का पद खाली था और बाद में सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया। लेकिन अब सोनिया गांधी की बढ़ती उम्र और सेहत को देखते हुए एक बार फिर से इस बात की चर्चा है कि क्या राहुल गांधी फिर से एक बार कमान संभालेंगे? (इंपुट: भाषा के साथ)