अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा मामले में गिरफ्तार कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल ने पूछताछ के दौरान ‘मिसेज गांधी’ का जिक्र किया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से बताया गया है कि क्रिश्चियन मिशेल ने कोर्ट के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। ईडी के अनुसार मिशेल ने अपने बयान में ‘श्रीमती गांधी’ नाम का जिक्र किया। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि मिशेल ने यह नाम किस संदर्भ में लिया।
बीजेपी ‘मिसेज गांधी’ को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से जोड़कर कांग्रेस पर हमलावर है। इस बीच अब कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार ने रहस्यमयी तरीके से अगस्ता वेस्टलैंड की ब्लैकलिस्टिंग रातोंरात खत्म कर डाली।
सुरजेवाला ने कहा कि यूपीए की सरकार ने इस कंपनी को ब्लैकलिस्टेड किया था, जबकि पीएम मोदी और उनकी सरकार ने अगस्ता वेस्टलैंड को मेक इन इंडिया का हिस्सेदार बना डाला और नौसेना के लिए 100 हेलीकॉप्टर खरीदने की इजाजत दे दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार चोर दरवाजे से झूठ का जाल बुन रही है। उन्होंने पूछा है कि सरकार ने कंपनी को ब्लैकलिस्ट से बाहर क्यों किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अगस्ता की सहकारी है।
सुरजेवाला ने कहा कि अगस्ता वेस्टलैंड मामले में 12 फरवरी 2013 को कांग्रेस–यूपीए सरकार ने जांच का आदेश दिया और जांच की कार्यवाही सीबीआई को सौंप दी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 27 फरवरी 2013 को तत्कालीन रक्षा मंत्री एके एंटनी ने जेपीसी से जांच कराने का प्रस्ताव रखा, लेकिन बीजेपी ने इसको दरकिनार कर दिया।
उन्होंने कहा कि मोदी जी आपने एफआईपीबी से अनुमति लेकर एडब्ल्यू 119 हेलीकॉप्टरों का निर्माण करने के लिए अगस्ता वेस्टलैंड जैसी ब्लैकलिस्टेड कंपनी को अनुमति क्यों दी? मोदी जी, आपकी सरकार ने अगस्ता वेस्टलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी मामले हारने के बाद अपील क्यों नहीं की? 22 अगस्त 2014 को मोदी सरकार ने अगस्ता वेस्टलैंड की ब्लैक लिस्टिंग खत्म कर दी और 3 मार्च 2015 को मोदी जी ने इसे मेक इन इंडिया का हिस्सा बनाया।
सुरजेवाला ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जुलाई 2018 में क्रिश्चियन मिशेल की बहन और मां ने खुलासा किया था कि भारत के प्रधानमंत्री और ईडी ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ गलत और मनगढ़ंत बयान देने के लिए उसपर दबाव डाला। सुरजेवाला ने कहा कि हमने जांच शुरू की और डील को रद्द कर दिया लेकिन मोदी सरकार ने आते ही इस कंपनी को छूट दे दी।
कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि 22 अगस्त 2014 को बीजेपी की सरकार ने अगस्ता वेस्टलैंड की ब्लैक लिस्टिंग खत्म कर दी और 8 अक्टूबर 2015 को मोदी सरकार ने कंपनी को AW 119 helicopter बनाने की इजाजत दे दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अगस्ता वेस्टलैंड अपनी भागीदारी को छिपाने के लिए मिशेल का इस्तेमाल कर रही है।
मोदी सरकार से पूछे 6 गंभीर सवाल
इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता ने मोदी सरकार से 6 गंभीर सवाल पूछे हैं।
- मोदी जी अगस्ता वेस्टलैंड/फिनमेकेनिका की ब्लैकलिस्टिंग क्यों हटाई गई?
- अगस्ता वेस्टलैंड को मेक इन इंडिया में हिस्सेदार क्यों बनाया गया?
- ब्लैकलिस्टेड कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड को फॉरेन इंवेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड से निवेस की इजाजत दिलवा AW119 सैनिक हैलीकॉप्टर बनाने की इजाजत क्यों दी?
- मोदी जी ने ब्लैकलिस्टेड कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड को 100 नौसेना हेलीकाप्टर के लिए बोली लगाने की इजाजत क्यों दी?
- मोदी सरकार अगस्ता वेस्टलैंड/फिनमेकेनिका के खिलाफ सभी मुकदमें कैसे हार गई तथा मुकदमों की अपील क्यों नहीं की?
- खुद का झूठ छिपाने के लिए क्रिश्चयन मिशेल का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है?



















