राजस्थान: BJP विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और राजस्थान के राजसमंद से विधायक किरण माहेश्वरी का सोमवार तड़के कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण निधन हो गया। माहेश्वरी ने सोमवार तड़के हरियाणा के गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली।

राजस्थान

कुछ दिनों पहले किरण माहेश्वरी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। किरण माहेश्वरी ने राजस्थान सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री का भी पद संभाला है। वह भाजपाप की राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुकी थीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा विधायक के निधन पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने हर पद रहते हुए राज्य की प्रगति के लिए काम किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से पीड़ा हुई। सांसद, विधायक या राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने राज्य की प्रगति की दिशा में काम करने और गरीबों को हाशिए पर से उठाने के लिए कई प्रयास किए। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

किरण माहेश्वरी के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शोक जताया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने ट्वीट में कहा, “राजसमंद (राजस्थान) से विधायक बहन किरण माहेश्वरी जी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया। मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। किरण जी के साथ राजनीतिक-सामाजिक जीवन में लम्बे अरसे तक काम किया। सामाजिक विषयों विशेषतः महिलाओं व वंचित वर्गों के अधिकारों की वे सशक्त आवाज थीं। दीन-दुखियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली किरण जी को उनकी निर्भीकता व स्पष्टवादिता के लिए सदैव याद किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा ,’भाजपा नेता और राजसमंद के विधायक किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से की सूचना से दुखी हूं। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना। भगवान उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

माहेश्वरी प्रदेश की दूसरी विधायक हैं जिनका निधन कोरोना के कारण हुआ है। इससे पहले भीलवाड़ा के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक कैलाश त्रिवेदी का कोरोना के कारण निधन हो गया था।

Previous articleICAI CA Exam 2020: चुनावों के चलते लखनऊ, हैदराबाद समेत इन शहरों में परीक्षा केंद्र बदले गए, ICAI ने की घोषणा; अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार icai.org को करें फॉलो
Next articleSSC Stenographer Final Result 2018 Declared: SSC ने स्टेनोग्राफर ग्रेड सी और डी का फाइनल रिजल्ट ssc.nic.in पर किया जारी