बिहार विधानसभा चुनाव: फ्री कोरोना वैक्सीन के BJP के वादे पर राहुल गांधी का तंज, बोले- “वैक्सीन और झूठे वादे आपको कब मिलेंगे, इसके लिए अपने राज्य के चुनाव की तारीख देखें”

0

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चुनाव जीतने पर कोरोना का मुफ्त टीका देने के वादे पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने तंज कसा है।

बिहार

राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने ट्वीट में लिखा, “भारत सरकार ने कोविड वैक्सीन वितरण की घोषणा कर दी है। ये जानने के लिए कि वैक्सीन और झूठे वादे आपको कब मिलेंगे, कृपया अपने राज्य के चुनाव की तारीख़ देखें।”

बिहार चुनाव के लिए भाजपा के घोषणापत्र में फ्री कोरोना वैक्सीन देने के वादे पर कांग्रेस ने घेरते हुए इसे बिहारियों को भटकाने की चाल बताया है। कांग्रेस ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान बिहारियों पर जो गुजरी क्या केंद्रीय मंत्रियों को उसकी जरा भी चिंता है?

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आज भाजपा का घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। पार्टी ने संकल्प पत्र को ‘आत्मनिर्भर बिहार का रोडमैप 2020-25′ नाम दिया गया है। इस दौरान भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, नित्यानंद राय, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

गौरतलब है कि, बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में चुनाव होने हैं। निर्वाचान आयोग ने 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को तीन चरणों में मतदान कराने और 10 नवंबर को मतगणना कराने की घोषणा की है। पहले चरण के तहत 28 अक्टूबर को राज्य के 71 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा जबकि तीन नवंबर को दूसरे चरण का मतदान 94 सीटों पर होगा। सात नवंबर को तीसरे चरण का मतदान 78 विधानसभा सीटों पर होगा।

बिहार में इस समय विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक माहौल गर्म है, चुनावी रैलियां और जनसभाओं का दौर भी लगातार जारी है। इस चुनाव में जहां एक तरफ सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजद आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व में महागठबंधन भी सत्ता को पाने की कोशिश कर रहा है।

Previous articleफर्जी TRP मामला: जांच में दो और चैनलों के नाम आए सामने, अब तक 8 लोग गिरफ्तार
Next articleSAMS Odisha Plus 3 Second Merit list 2020: ओडिशा प्लस 3 सेकेंड मेरिट लिस्ट samsodisha.gov.in पर जारी, ऐसे करें चेक