देश के बंटवारे के समय ‘कांग्रेस की गलतियों के कारण’ करतारपुर साहिब के पाकिस्तानी क्षेत्र में चले जाने संबंधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को उन पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि इस टिप्पणी के जरिए मोदी ने सरदार पटेल पर सवाल उठाया है।
साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी खुद को ऊपर दिखाने के लिए महात्मा गांधी और सरदार पटेल सहित सभी महान हस्तियों को नीचे दिखा सकते हैं। राहुल राहुल गांधी ने फेसबुक पर सरदार पटेल और करतापुर गुरुद्वारा का फोटो शेयर किया है।
राहुल गांधी ने बुधवार (5 दिसंबर) को फेसबुक पोस्ट में कहा, “अब प्रधानमंत्री मोदी सरदार पटेल पर सवाल उठा रहे हैं कि उस समय के नेताओं की सूझ बूझ की कमी के कारण करतारपुर पाकिस्तान चला गया। जो मोदी जी के मन मे है वह आखिर में उनकी जुबां पर आ ही गया कि वह खुद को ऊपर साबित करने के लिए पटेल, गांधी सहित सबको नीचे दिखा सकते हैं।”
गौरतलब है कि पिछले दिनों राजस्थान में एक चुनावी जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तानी सीमा में स्थित करतारपुर कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा था कि विभाजन के वक्त अगर कांग्रेस के नेताओं ने ‘समझदारी, संवेदनशीलता और गंभीरता’ दिखाई होती तो करतारपुर कभी भारत से अलग होकर पाकिस्तान में जाता ही नहीं।



















