बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने बुधवार को नोबेल पुरस्कार विजेता और लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाली मलाला यूसुफजई को शादी की बधाई दी है। मलाला ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी कि उन्होंने असर मलिक के साथ इंग्लैंड के बर्मिंघम में अपने घर पर निकाह कर लिया है। यूसुफजई के विवाह की जानकारी मिलने के बाद दुनियाभर के नेताओं और सिलेब्रिटीज के साथ प्रियंका चोपड़ा ने भी बधाई संदेश लिखा है।
प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी में मलाला के निकाह की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “बधाई हो मलाला, तुम्हारी खुशियों की कामना करती हूं। तुम दुनिया के लिए प्रेरक हो।”
मलाला ने मंगलवार को अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, “आज का दिन मेरे जीवन का एक अनमोल दिन है। असर और मैं जीवनभर के लिए शादी के बंधन में बंध गए हैं। हमने अपने परिवारजनों के साथ बर्मिघम में एक छोटा निकाह समारोह आयोजित किया। हमें दुआएं दें। हम एक साथ इस सफर को बिताने के लिए उत्साहित हैं।”
गौरतलब है कि, पाकिस्तान की मानवाधिकार कार्यकर्ता यूसुफजई को लड़कियों की शिक्षा के लिए बिना किसी खौफ के आवाज उठाने के लिए स्वात घाटी में 2012 में तालिबानी आतंकवादियों ने उस वक्त गोलियां मारी थीं, जब वह स्कूल से घर लौट रही थीं। बेहतर इलाज के लिए यूसुफजई को इंग्लैंड के शहर बर्मिंघम लाया गया था।
ठीक होने के बाद यूसुफजई ने फिर से स्कूल जाना शुरू किया और जून 2020 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड से स्नातक किया। इस दौरान भी वह लड़कियों की शिक्षा और उनकी बेहतरी के लिए आवाज उठाती रहीं।