प्रिंस हैरी और मेगन की शाही शादी में प्रियंका चोपड़ा ने लूटी महफिल, तस्वीरों में देखिए ‘देसी गर्ल’ का ‘शाही’ अंदाज

0

ब्रिटेन के राजकुमार हैरी और अमेरिकी अदाकारा मेगन मार्कल शनिवार (19 मई) को शादी के बंधन में बंध गए। विवाह समारोह विंडसर कैसल स्थित भव्य सेंट जॉर्ज चैपल में हुआ। नवविवाहित युगल ने विश्वभर से पहुंचे 600 अतिथियों की मौजूदगी में विवाह वचनों का आदान-प्रदान किया। कैंटरबरी के आर्कबिशप ने प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल को पति-पत्नी घोषित किया। समारोह स्थल के बाहर मौजूद भीड़ ने बड़े पर्दों पर शादी समारोह देखा और हर्षध्वनि के साथ शाही जोड़े का स्वागत किया तथा बधाई दी।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप तथा राजपरिवार के अन्य सदस्य भी इस क्षण के साक्षी बने। पूर्व में घोषणा की गई थी कि 92 वर्षीय सम्राट ने नवविवाहित जोड़ी को राज परंपरा के साथ ड्यूक एंड डचेज ऑफ ससेक्स की उपाधि दी है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने ब्रिटेन की शाही विवाह की परंपरा के अनुरूप अपने पोते प्रिंस हैरी और उनकी दुल्हन मेगन मार्कल को ससेक्स के ड्यूक और डचेस की उपाधि प्रदान की।

बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा कि महारानी ने शनिवार को प्रिंस आफ वेल्स हैरी को ड्यूक की उपाधि प्रदान की, जिसके बाद वह ड्यूक आफ ससेक्स, अर्ल ऑफ डंबर्टन और किलकील होंगे। इस तरह प्रिंस हैरी ‘हिज रॉयल हाइनेस द ड्यूक ऑफ ससेक्स ‘बन गए और मेगन मार्कल ‘हर रॉयल हाइनेस द डचेस ऑफ ससेक्स’ बन गईं।

शाही शादी में प्रियंका चोपड़ा ने लूटी महफिल

राजकुमार हैरी और अमेरिकी अदाकारा मेगन मार्कल की शादी में भारत की तरफ से बॉलीवुड एक्‍ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भी शामिल हुईं। वो ब्लेजर के साथ नीले रंग की पेंसिल स्कर्ट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा अमेरिकी टीवी सीरीज क्‍वांटिको का हिस्‍सा हैं। अमेरिकी सिनेमा से जुड़े होने की वजह से प्रियंका और मेगन के बीच अच्छी दोस्‍ती है। यही वजह है कि मेगन ने उन्‍हें न्योता भेजा।

विंडसॉर कैसेल के सेंट जॉर्ज चैपल पहुंची प्रियंका जाने माने फैशन डिजाइनर विविएने वेस्टवुड के सूट पहन कर आई थीं। ये हल्का ग्रे समर मोती जैसी चमक वाला सूट हैंडक्राफ्टेड था। उनका फेसिनेटर (टोपी जैसा हेडपीस) बेहद ही आकर्षक लग रहा था। प्रियंका काफी वक्त से इस शादी का इंतजार कर रही थीं।

यहां देखिए इस शादी शादी में प्रियंका चोपड़ा का लुक:-

600 मेहमानों की मौजूदगी

शाही जोड़ी ने 600 मेहमानों की मौजूदगी में विवाह वचनों और अंगूठियों का अदान-प्रदान किया। इन मेहमानों में मेगन की घनिष्ठ मित्र बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा और जॉर्ज एवं अमाल क्लूनी, डेविड और विक्टोरिया बेकहम तथा सर एल्टन जॉन जैसी अन्य हस्तियां मौजूद थीं। विवाह समारोह डीन ऑफ विंडसर ने संपन्न कराया तथा कैंटरबरी के आर्कबिशप एवं एंग्लिकन चर्च के आध्यात्मिक प्रमुख जस्टिन वेल्बी ने विवाह वचनों के आदान-प्रदान की रस्म पूरी कराई। एक अश्वेत अमेरिकी बिशप माइकल ब्रूस करी ने इस अवसर पर विवाह संबोधन दिया।

शादी को तब आधिकारिक रूप मिला जब जस्टिन वेल्बी ने यह पढ़ा, ‘‘ईश्वर की मौजूदगी में और एकत्र लोगों के समक्ष हैरी तथा मेगन ने शादी के लिए अपनी सहमति दी है और एक-दूसरे को विवाह वचन दिए हैं। उन्होंने एक-दूसरे का हाथ थामकर और एक-दूसरे को अंगूठी प्रदान कर एवं एक-दूसरे से अंगूठी प्राप्त कर अपनी शादी घोषित की है। इसलिए मैं उनके पति-पत्नी होने की घोषणा करता हूं।’’ हैरी (33) और मेगन (36) सोलहवां शाही जोड़ा हैं जिन्होंने 1863 से विंडसर कैसल में अपनी शादी की है।

मेगन ने प्रिंस चार्ल्स के साथ चैपल में प्रवेश किया तो हैरी मुस्कराते दिखे। चार्ल्स ने शादी समारोह में मेगन के पिता की भूमिका निभाई क्योंकि अमेरिकी अदाकारा के पिता थॉमस मार्कल सीनियर बीमारी के चलते इस शादी में शामिल नहीं हो पाए। मेगन के परिवार से एकमात्र सदस्य के रूप में उनकी मां डोरिया रागलैंड शादी में शामिल होने पहुंचीं। ब्राइड्समेड्स के रूप में चुनी गईं छह छोटी लड़कियों में प्रिंस हैरी की भतीजी एवं तीन वर्षीय प्रिंसेज शेरलॉट भी शामिल थीं। पेजब्वॉय के रूप में चुने गए कुल 10 बच्चों में शेरलॉट के बड़े भाई एवं चार वर्षीय प्रिंस जॉर्ज शामिल थे।

शाही युगल ने अपनी शादी के लिए पारंपरिक वचनों का इस्तेमाल करने की जगह कॉमन वर्शिप (2000) मैरिज सर्विस से लिए गए शब्दों का इस्तेमाल किया। मैरिज सर्विस में ‘‘तू’’ की जगह ‘‘तुम’’ शब्द वाली समकालिक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इस अवसर पर आमंत्रित 600 अतिथियों में राज परिवार के वरिष्ठ सदस्य और अन्य हस्तियां शामिल थीं। उनके अलावा जनता के बीच से 2,640 अन्य सदस्य विंडसर कैसल में इस शाही शादी के साक्षी बने।

 

Previous articleकर्नाटक: अब 23 मई को सीएम पद की शपथ लेंगे एचडी कुमारस्वामी, क्यों अचानक बदल गई शपथग्रहण की तारीख? जानें घटनाक्रम से जुड़ीं कुछ बड़ी बातें
Next articleअभिनेता प्रकाश राज ने PM मोदी पर कसा तंज, कहा- ’56 इंच भूल जाइए, 55 घंटे भी नहीं संभला कर्नाटक’