दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने 52 वर्षीय डॉक्टर राजेन्द्र सिंह के आत्महत्या करने के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक प्रकाश जरवाल और सह आरोपी कपिल नागर को गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अतुल ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया प्रकाश जरवाल और कपिल नागर को शनिवार शाम पूछताछ के लिए बुलाया गया और बाद में हिरासत में ले लिया गया। बता दें कि, इस मामले में पुष्प विहार थाने में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
दिल्ली के दुर्गा विहार में 18 अप्रैल को 52 वर्षीय डॉक्टर राजेंद्र सिंह ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। दिल्ली पुलिस को उनके आवास से एक सुइसाइड नोट मिला था जिसमें डॉ. ने आप के देवली विधानसभा से विधायक प्रकाश जरवाल पर परेशान करने का आरोप लगाया गया था। डॉ. ने सुसाइड नोट में लिखा था कि जारवाल और नागर उन्हें लगातार धमकी दे रहे हैं जिनसे परेशान होकर वह अपनी जान दे रहे हैं।
जिसके बाद पुलिस ने विधायक के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। बता दें कि, इस मामले में शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत ने आप विधायक प्रकाश जारवाल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। (इंपुट: भाषा के साथ)