देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी कोर्ट परिसर में फायरिंग का मामला सामने आया है। सोमवार(13 नवंबर) को रोहिणी कोर्ट परिसर में फायरिंग की गई।
(प्रतीकात्मक फोटो)एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फायरिंग में एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने हमलावर को मौके से पकड़ लिया है। प्रारंभिक तौर पर ये फायरिंग आपसी गैंगवार के चलते बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रहीं है।
लेकिन जिस तरह कोर्ट परिसर में सरेआम गोली मारने की घटना को अंजाम दिया गया है उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। घटना कैंटीन इलाके में हुई। इसके बाद अदालत परिसर में अफरातफरी मच गई।
न्यूज़ एजेंसी भाषा की ख़बर के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि रोहिणी की अदालत में विनोद उर्फ बल्ले को पेश किया गया था। जब उसे वापस ले जाया जा रहा था तब 11 बजकर 20 मिनट पर उसे गोली मारी गई। आरोपी को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया और हथियार बरामद कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि विनोद को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बता दें कि, इससे पहले रोहिणी कोर्ट में शनिवार(29 अप्रैल) को बेखौफ बदमाशों ने पेशी के लिए लाए गए एक कैदी की सरेआम गोली मारकर हत्या दी थी। गोली चलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, यह घटना रोहिणी कोर्ट के गेट नंबर 5 पर हुई थी।