मुकेश अंबानी ने दिल खोलकर की गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ, बताया- सच्चा कर्मयोगी और लौह पुरुष

0

देश के सबसे अमीर उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने गुरुवार (29 अगस्त) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए उन्हें एक सच्चा कर्मयोगी और देश का लौह पुरुष बताया है।

मुकेश अंबानी

गुजरात के गांधीनगर में पंडित दीनदयाल पेट्रोलियम विश्वविद्यालय (PDPU) के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि “अमित भाई, आप एक सच्चे कर्मयोगी हैं। आप देश के लौह पुरुष हैं। गुजरात और भारत धन्य हैं। आपकी ऊर्जा और ध्यान हमेशा मुझे आश्चर्यचकित करता है। गुजरात और भारत आप जैसे प्रेरक नेता के लिए धन्य हैं।” इस कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे।

समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा, ‘‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यदि दुनिया में कोई ऐसा स्थान है जहां डिजिटलीकरण प्रतिदिन, प्रति घंटे आगे बढ़ रहा है, तो वह भारत ही है।’’ उन्होंने कहा कि 24 महीने से भी कम समय में मोबाइल डेटा के मामले में भारत पहले स्थान पर पहुंच गया है। पहले भारत इस मामले में दुनिया में 155वें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि तकनीक के मामले में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

अगले 24 महीनों में, भारत इसी तरह कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ब्लॉकचेन, क्लाउड कंप्यूटिंग और चौथी औद्योगिक क्रांति की अन्य तकनीकों को अपनाने में दुनिया के अग्रणी देशों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने कहा था कि 5 साल में भारत की अर्थव्यवस्था 5 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। आप जैसे छात्रों के होते हुए भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हो जाएगा।

वही, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत की वृहद आर्थिक बुनियाद काफी मजबूत है और हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ रही है। शाह ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी सरकार ने मई, 2014 में पहला कार्यकाल संभाला था उस समय अर्थव्यवस्था की स्थिति काफी खराब थी। पिछले पांच साल के दौरान चीजें काफी सुधरी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन 2019 में आज मैं यह कह सकता हूं कि हमारी वृहद आर्थिक बुनियाद काफी मजबूत है।’’

शाह ने कहा कि आज भी भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और हम सात प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रहे हैं। शाह ने कहा, ‘‘पिछले पांच साल के दौरान हम मुद्रास्फीति की दर को तीन प्रतिशत से नीचे रखने में कामयाब रहे हैं। राजकोषीय घाटे को भी 3.5 प्रतिशत से नीचे रखा गया है जो पहले पांच प्रतिशत था।’’ गृह मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कहा है कि आर्थिक दृष्टि से भारत को दुनिया का तीसरा सबसे आधुनिक राष्ट्र बनाया जाएगा और हम इसके लिए सूक्ष्म योजना के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’ (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleVIDEO: गुरुग्राम टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारी के साथ कार चालक ने की मारपीट और छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
Next articleMukesh Ambani’s fan boy moment, says India is blessed to have ‘true karmyogi’ and ‘iron man’ Amit Shah