उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिस वालों की हत्या के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां सरला देवी ने कहा कि सरकार को उचित कार्रवाई करनी चाहिए। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी कुख्यात विकास दुबे उज्जैन के महाकाल मंदिर से पकड़ा गया है।
विकास के पकड़े जाने के बाद उसकी मां सरला देवी ने कहा कि “वह हर साल उज्जैन के महाकाल मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन करता था और उनका श्रृंगार करवाता था। सरकार जो उचित हो करेगी। हमारे कहने से कुछ नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि भोले बाबा ने ही आज मेरे बेटे की जान बचाई है। सरला देवी ने कहा कि टीवी से उन्हें विकास की गिरफ्तारी की जानकारी मिली। अब सरकार जो करना चाहती है करे। सरकार बहुत बड़ी है। हमें नहीं पता क्या करना चाहिए।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि मामले की विवेचना की जा रही है। यूपी पुलिस विकास को लेने के लिए मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो चुकी है। इस मामले में अन्य दोषियों की तलाश जारी है। हम तब तक आराम नहीं करेंगे। जब तक की सारे दोषी पकड़े नहीं जाते।
विकास दुबे के सरेंडर के बाद उसकी माँ क्या कह रही हैं, सुनिए. pic.twitter.com/0tccPRlWBh
— रोहित सरदाना (@sardanarohit) July 9, 2020
उत्तर प्रदेश का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर और कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने के बाद फरार चल रहा विकास दुबे को गुरुवार की सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल मंदिर के अंदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विकास दुबे उज्जैन के महाकाल में दर्शन के लिए गया था, तभी वहां के गार्ड ने पहचाना। जिसके बाद वहां की पुलिस एक्शन में आई और उसे वहीं धर लिया।
गैंगस्टर विकास दुबे ने पिछले शुक्रवार को कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही विकास दुबे कानपुर पुलिस के लिए मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में शुमार है। विकास दुबे इस नरसंहार का एक नामजद आरोपी था। बता दें कि, उसकी तलाश कई राज्यों की पुलिस कर रही थी। विकास दुबे लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।